लखनऊ में पाया गया कोरोना वायरस का दूसरा केस पॉजिटिव, 11 संदिग्ध मरीजों को किया गया आइसोलेट

कोरोना वायरस

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। देश भर में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस का खतरा राजधानी लखनऊ में भी बढ़ रहा है। शनिवार को लखनऊ में कोरोना के एक और पॉजिटिव मरीज सामने आने से हड़कंप मच गया। वहीं 11 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में आइसोलेट किया गया है। इसी के साथ राजधानी में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या दो हो गई है।

इस संबंध में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के मेडिसिन विभाग के चिकित्सक प्रो. डी. हिमांशु ने बताया कि सर्दी जुकाम से पीड़ित युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके नमूने जांच के लिए केजीएमयू भेजे गये थे। नमूने की जांच पॉजिटिव पाए जाने के बाद युवक को केजीएमयू भेज दिया गया, जहां उसे अलग वार्ड में रखा गया है।

उन्होंने बताया कि इस रोगी के नमूने विस्तृत परीक्षण के लिये पुणे भेजे जा रहे हैं। युवक की हालत फिलहाल स्थिर है। वहीं केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने मीडिया को बताया कि यह युवक कनाडा में रहने वाली महिला का रिश्तेदार है और उसके संपर्क में आने के कारण ही वह भी संक्रमित हुआ है।

यह भी पढ़ें- बड़ी खबर: UP में भी कोरोना वायरस महामारी घोषित, इन स्‍कूलों को छोड़कर सभी स्‍कूल-कॉलेज 22 मार्च तक बंद

डॉ. हिमांशु के अनुसार इससे पहले कनाडा के टोरंटो में रहने वाली 35 वर्षीय महिला डॉक्टर 11 मार्च को कोरोना के लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती हुई थी। वह आठ मार्च को अपने पति के साथ लखनऊ अपने रिश्तेदारों से मिलने आयी थी। जिसे दो दिन बाद हल्का बुखार होने के बाद 11 मार्च को वह केजीएमयू के मेडिसिन विभाग में आई तो जांच में पता चला कि वह कोरोना वायरस से ग्रसित है। दोबारा जांच में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। विस्तृत जांच के लिए महिला के नमूने पुणे भेजे गए हैं। डॉक्टर ने बताया कि महिला के पति की भी कोरोना के संदेह में जांच की गई थी, लेकिन जांच नेगेटिव निकलने के बाद उसे दो दिन अस्पताल में रखने के बाद छुट्टी दे दी गयी।

इसी कड़ी में 11 से ज्यादा लोगों को विभिन्न जगहों पर आइसोलेट किया गया। वहीं सिविल अस्पताल, बलरामपुर अस्पताल, राम मनोहर लोहिया संस्थान के चिकित्सकों को ड्यूटी पर लगाया गया है, जो आइसोलेट किए गए संदिग्धों पर नजर रख रहे है।

यह भी पढ़ें- कोरोना वायरस के चलते अब 29 मार्च से शुरू नहीं हो सकेगा IPL 2020