राफेल डील: लखनऊ पहुंचें प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, सच्‍चाई की हुई जीत, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज किया कांग्रेस का झूठ

प्रकाश जावड़ेकर
प्रेसवार्ता में अपनी बात रखते प्रकाश जावडेकर साथ में महेंद्रनाथ पांडेय व विजय बहादुर पाठक। (फोटो-आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। सोमवार को सूबे की राजधानी लखनऊ पहुंचे केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने राफेल डील के मामले को लेकर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ने बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित एक प्रेसवार्ता में कहा कि राफेल मामले पर राहुल गांधी व कांग्रेस द्वारा लगाए गए सभी झूठे आरोपों को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है, सच्‍चाई की जीत हुई है।

पिछली केंद्र सरकार को निशाने पर लेते प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर राफेल डील पर झूठ बोला था, क्‍योंकि उसकी सरकार में कॉमनवेल्‍थ गेम और टूजी जैसे घोटाले आए दिन सामने आते रहते थे, लेकिन मोदी सरकार में एक भी घोटाला नहीं होने पर कांग्रेस ने झूठा आरोप लगाकर सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपने झूठ के लिए कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- राफेल डील: फैसले के बाद बोले राजनाथ सिंह JPC का औचित्‍य नहीं, अमित शाह ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मार्च 2019 को पहला राफेल जहाज भारत आ जाएगा। जबकि बाकी सभी जहाज दो साल में भारत आ जाएंगे। जिससे भारतीय वायुसेना की ताकत बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- राफेल डील: कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम, कहा राहुल बताएं किसके कहने पर किया ऐसा

एक सवाल के जवाब में कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय मंत्री बोले कि कांग्रेस चुनाव हारने पर ईवीएम को दोष देती है। राफेल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट का अपमान कर रही है। आधार कार्ड पर उन्‍होंने पहल की, लेकिन आज उस पर भी भरोसा नहीं है। कांग्रेस को देश की किसी भी संस्था पर भरोसा नहीं है।

प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पाण्‍डेय, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, प्रदेश प्रवक्‍ता हरिश्‍चन्‍द्र श्रीवास्‍तव सहित अन्‍य नेता मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- राफेल डील पर सुप्रीम कोर्ट ने मोदी सरकार को दी बड़ी राहत, इन तर्कों के साथ सभी याचिकाएं की खारिज