आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दे दिए हैं। मौसम विभाग की मानें तो 23 जनवरी से अगले दो-तीन दिन लखनऊ समेत यूपी के कई इलाकों तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले पड़ सकते हैं। पश्चिमी यूपी से शुरू होकर यह बदलाव धीरे-धीरे मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक असर दिखाएगा। पहाड़ी राज्यों में हो रही बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ तौर पर देखने को मिल सकता है। जिससे ठंड फिर से तेज होने की संभावना है।
पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेशवासियों को कोहरे और भीषण ठंड से कुछ राहत जरूर मिली थी। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं लग रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जैसे ही पहाड़ों पर मौसम बिगड़ता है। वैसे ही उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं के साथ बारिश और ओले ठंड को और बढ़ा देंगे।
राजधानी लखनऊ में 22 जनवरी गुरुवार को सुबह मौसम साफ रहा और धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत महसूस हुई। यहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं वायु गुणवत्ता की बात करें तो लखनऊ में बीते दो दिन से हवा के स्तर में सुधार हुआ है। गुरुवार शाम लखनऊ का औसत एक्यूआइ 332 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। कुछ जिलों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका जताई गई है। वहीं तेज हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है। कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें- दो दिन की राहत के बाद फिर पलटेगा यूपी का मौसम
इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं के साथ बारिश होने की संभावना है।




















