आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सपा विधायक की गाड़ी के साथ हादसा हो गया है। दरअसल कौशांबी के चायल से सपा विधायक पूजा पाल रविवार को मैनपुरी जा रही थीं। उसी समय पूजा की गाड़ी लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वो बाल-बाल बच गई, लेकिन उनका गनर और ड्राइवर घायल हो गए हैं, जिनको मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि पूजा पाल कौशांबी से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डिंपल यादव के चुनाव प्रचार के लिए मैनपुरी जा रही थी। तभी कन्नौज के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर पचोर गांव के पास विधायक का पूजा पाल की गाड़ी अनियंत्रित होकर उस समय पलट गई, जब उनकी कार एक्सप्रेस वे पर एक ट्रक को ओवरटेक कर रही थी।
यह भी पढ़ें- मैनपुरी उपचुनाव के लिए सपा ने प्रत्याशी का किया ऐलान, डिंपल यादव को दिया टिकट
बताया जा रहा है कि गाड़ी पलटने के बाद दूसरे ट्रैक पर आ गई। जिसमें सवार सपा विधायका पूजा पाल बाल-बाल बच गई, लेकिन उनके ड्राइवर और गनर को चोटे आ गई। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम और पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। हादसे की जानकारी होने पर एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विधायिका पूजा पाल का हालचाल लिया।



















