CWC की बैठक में बोले खड़गे, 2024 में BJP को सत्‍ता से बेदखल करना ही महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि

मल्लिकार्जुन खड़गे
बैठक में बोलते मल्लिकार्जुन खड़गे साथ राहुल गांधी और सोनिया गांधी।

आरयू वेब टीम। हैदराबाद में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक के आखिरी दिन रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कई अहम मुद्दों पर बात की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है। 1948 में आज ही के दिन हैदराबाद आजाद हुआ। कांग्रेस ने लंबी लड़ाई लड़ी। नेहरूजी और सरदार पटेल साहेब ने हैदराबाद को मुक्त कराया। उन्होंने कहा कि हैदराबाद की इस बैठक के संदेश का देश इंतजार कर रहा है। आज का हमारा एजेंडा राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2024 का लोकसभा चुनाव की तैयारी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों से हम लोग अवगत हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार जनता के मूल-भूत मुद्दों से भटकाने के लिए, नए-नए मसले लाकर भटकाने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की बुनियाद कांग्रेस ने रखी है। इसलिए इनकी रक्षा का जिम्मा भी कांग्रेस पर ही है। इसके लिए आखिरी सांस तक लड़ना होगा। खड़गे ने कहा कि 2024 में महात्मा गांधीजी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी है। 2023 कांग्रेस सेवादल की शताब्दी है। 2024 में भाजपा को सत्ता से बेदखल करना महात्मा गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हैदराबाद में ही 1953 में कांग्रेस महाधिवेशन में पंडित जवाहर लाल नेहरूजी ने कहा था, “हमें सदा सारे देश की बात सोचना है और हर काम इस बड़े मकसद के लिए करना है। पर हम एक पार्टी के सदस्य हैं और हममें वह अनुशासन की भावना होनी चाहिए जो किसी भी पार्टी के लिए जरूरी है।”

सामाजिक न्याय का नया मॉडल बनाया

साथ ही कहा कि ये चुनौतियां असल में भारतीय लोकतंत्र की चुनौतियां हैं। देश के संविधान को बचाने की चुनौती है। एससी/एसटी/बीसी महिलाओं, गरीबों, अल्पसंख्यकों के अधिकारों को बचाने की चुनौती है। खड़गे ने आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि अगले दो से तीन महीनों में पांच राज्यों के चुनाव तय हैं। लोकसभा चुनाव महज छह महीने दूर हैं। जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव हो सकते हैं, हमें यह भी ध्यान रखना होगा। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर हुए कहा कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हमारी राज्य सरकारों ने सामाजिक न्याय का नया मॉडल बनाया है। इसके बारे में हमें पूरे देश को बताना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले दो महीनों में हमने 20 राज्यों के पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ विस्तार से बैठक कर वहां की रणनीति बनाई।

झूठी बातों की हमे तुरंत करनी है काट 

उन्होंने कहा कि हमें वोटर के साथ लगातार संपर्क में रहना है। उनके सवालों का जवाब देना है। विरोधियों द्वारा फैलायी जा रही झूठी बातों की हमे तुरंत काट करनी है। मुद्दों और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी है। हमे अपनी ताकत दिखानी होगी। इस तानाशाह सरकार को हटाकर भारत के लोकतंत्र को बचाना होगा। खड़गे ने कहा कि देश बदलाव चाहता है, यह संकेत हमारे सामने है। हाल के चुनावों में कर्नाटक और उसके पहले हिमाचल प्रदेश में हम विजयी रहे, यह इस बात का प्रमाण हैं।

यह भी पढ़ें- 30 लाख पद खाली होने के बाद भी भर्ती के नाम पर युवाओं की आंख में धूल झोंक रही मोदी सरकार: खड़गे
अच्छे कामों को प्रचारित करना…

खड़गे ने कार्यसमिति की बैठक में शामिल नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह आराम से बैठने का समय नहीं है। दिन-रात मेहनत करनी होगी। कर्नाटक में हम एकजुट रहे, जिसका नतीजा सबने देखा। उन्होंने कहा कि जहां हमारी राज्य सरकारें हैं, उनके अच्छे कामों को प्रचारित करना है। हमें ये भी बताना है कि केंद्र सरकार कैसे हमारी सरकारों की प्रगति में रोड़े डालती है। जहां हम विपक्ष में हैं, वहां सत्तादल की खामियां और जन विरोधी नीतियों को हमें उजागर करना है।

यह भी पढ़ें- एक परिवार की तरह BJP से लड़ेगा INDIA, विपक्ष के एक-एक दल करेंगे मुकाबला, बैठक से पहले ममता बनर्जी का खुलासा