ममता की रैली में एक मंच पर आए दिग्‍गजों ने जमकर बोला मोदी सरकार पर हमला, जानें किसने क्‍या कहा

ममता की रैली
कोलकाता में एक मंच पर दिखी विपक्षी एकता।

आरयू वेब टीम। 

कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान शनिवार को विपक्ष एकता का साक्षी बना। कर्नाटक के चुनाव के बाद एक बार फिर राजनीतिक दिग्‍गजों ने मंच साझा किया। यह नजारा तृणमूल कांग्रेस की अगुआई में महारैली में देखने के मिला। इस रैली 20 विपक्षी दलों के दिग्गज पहुंचे हैं और मंच साझा कर मोदी सरकार के खिलाफ बिगुल बजाया है। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और रैली की आयोजक ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार की समाप्ति का समय आ गया है।

ममता बनर्जी ने कहा कि पीएम मोदी को बताना है कि उनका समय पूरा हो गया है। मंच पर पूरा हिंदुस्तान दिख रहा है। मोदी जी को लगता है कि वही बस ईमानदार है बाकी सब बेईमान है। मोदी सरकार ने सभी संस्थाओं को बर्बाद कर दिया और किसी को नहीं छोड़ा। उन्होंने लालू, अखिलेश और मायावती को नहीं छोड़ा, तो हम लोग आपको क्यों छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जब मौसम बदलता हो तो भाजपा की सरकार क्यों नहीं बदलेगी। मोदी सरकार ने नई नौकरी देने के बजाए लोगों की नौकरी छीन ली।

सुभाष बाबू लड़े थे गोरों से, हम लड़ेंगे चोरों सेः हार्दिक पटेल

पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को महारैली में सबसे पहले बोलने का मौका मिला। उन्होंने भाजपा के साथ ही मोदी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के साथ ही कहा कि देश को बचाने के लिए विपक्ष एकजुट है। उन्होंने कहा कि सुभाष बाबू लड़े थे गोरों से, हम लड़ेंगे चोरों से।

वादे पूरा करने पर सवाल पूछो तो उठा दिया जाएगा राम मंदिर का मुद्दा: शत्रुघ्न

भाजपा के बागी नेताओं में गिने जाने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने भी ममता की रैली में पहुंच कर अपनी ही सरकार पर जमकर निशाना साधा। राफेल पर सवाल करते हुए शत्रुघ्‍न ने पीएम मोदी से पूछा कि आप जब तक सवालों से भागते रहेंगे तब तक हम सबको मानना पड़ेगा कि वाकई ‘चौकीदार चोर’ है। उन्‍होंने कहा कि देश बदलाव चाहता है। साथ ही बोले कि लोकसभा चुनाव का समय है, चुनाव में कुछ हफ्ते रह गए हैं, अब फिर से वादों का दौर शुरू हो जाएगा। जो वादे किए थे अगर उन पर सवाल किया जाए तो अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा उठा दिया जाएगा। उन्‍होंने आगे कहा कि मुझसे लोग कहते हैं कि मैं भाजपा के खिलाफ बोलता हूं, लेकिन अगर सच कहना बगावत है तो समझो मैं भी बागी हूं। हो सकता है कि इस रैली के बाद मैं भाजपा में नहीं रहूं।

ईडी-सीबीआइ से किया भाजपा ने गठबंधन: अखिलेश यादव

उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि जो बात बंगाल से चलेगी वो देश में दिखाई देगी। लोग सोचते थे कि हमारा गठबंधन नहीं होगा, लेकिन गठबंधन हो गया। उन्होंने कहा कि हमने गठबंधन का तरीका भाजपा से ही सीखा है। चुनाव आते-आते भाजपा सीबीआइ-ईडी से गठबंधन कर रही है और हम लोग जनता की आवाज से गठबंधन कर रहे हैं। हमारे सहयोगी दलों के मिलने के बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा को डर लग रहा है। भाजपा ने समाज में जहर घोलने का काम किया।

मोदी-शाह की जोड़ी कर देगी देश के टुकड़े: केजरीवाल

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी और शाह ने पांच साल में इस देश में जहर फैला दिया है, जो पाकिस्तान 70 साल में नहीं कर पाया वो इन्होंने कर दिया। उन्होंने कहा कि यह जोड़ी देश को बर्बाद कर देगी। अगर यह जोड़ी 2019 में दोबारा आ गई तो यह देश के टुकड़े-टुकड़े कर देंगे। केजरीवाल ने अपील की कि हमें मोदी और अमित शाह की जोड़ी को दिल्ली की सत्ता से उखाड़ कर फेंकना है।

लोकतांत्रिक व्‍यवस्‍था को बर्बाद करने में लगी है मोदी सरकार: यशवंत सिन्हा

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि सवाल एक व्यक्ति को हटाने का नहीं सोच का है। मोदी सरकार हर लोकतांत्रिक व्यवस्था को बर्बाद करने में लगी है। मोदी को मुद्दा न बनाएं, मुद्दों को मुद्दा बनाएं। साथ ही बोले, यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने की है। कश्मीर की समस्या का समाधान गोली से नहीं बोली से होगा। वहीं पूर्व में खुद पर लगे आरोपों पर बोलते हुए सिन्हा ने कहा कि मुझे पाक का एजेंट तक कहा गया, लेकिन क्या प्यार की बात करना देशद्रोह है। मोदी सरकार ने सबका साथ तो लिया, लेकिन विकास के नाम पर सबका विनाश किया। देश के किसी भी संस्थान को बर्बाद करने में इन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी है।

जम्‍मू-कश्‍मीर की ऐसी हालत की जिम्‍मेदार है मोदी सरकारः फारुक अब्दुल्ला

मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि देश में लोगों को बांटने का काम हो रहा है। आज जम्मू-कश्मीर जिस हालत में है उसकी जिम्मेदार भी मोदी सरकार है। वहीं ईवीएम पर बोलते हुए फारुख अब्‍दुल्‍ल ने कहा कि जिसे आप ईवीएम कहते हैं वो चोर मशीन है, इसे खत्म करना चाहिए। इससे चुनाव में चोरी की जाती है। इसके लिए हम सभी नेताओं को एक होकर चुनाव आयोग जाना चाहिए। यह सरकार महिला आरक्षण बिल पर मौन रहती है और तीन तलाक पर आवाज बुलंद कर देती है। हमें सरकार की मंशा को समझना होगा। हमें भारत को मजबूत करना होगा। सभी दल के नेता यह न सोचें कि कौन प्रधानमंत्री बनेगा, बल्कि पहले उन्हें यह सोचना चाहिए कि मोदी सरकार को कैसे हटाना है।

आत्‍महत्‍या के रास्‍ते पर जा रहा किसान: शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी का कदम उठाया, जिससे लोग परेशान हुए। आज किसान आत्महत्या के रास्ते पर जा रहा है। उद्योग बंद हो रहे हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है और यह परिस्थिति जिन्होंने पैदा की उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकने की जिम्मेदारी हमारी और आपकी है। देश की संस्थाओं पर हमला हो रहा है, अंबेडकर के बनाए संविधान पर हमला हो रहा है। सभी पर मोदी सरकार के माध्यम से हमले किए जा रहे हैं। भाजपा के लोग कहते हैं कि हम पीएम पद के लिए लड़ेंगे, लेकिन हम यहां पद की लड़ाई के लिए नहीं बल्कि मोदी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए साथ आए हैं।

… वो हैं पब्लिसि‍टी पीएम: नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू रैली को संबोधित करते हुए भजपा सरकार पर जमकर गरजे। उन्होंने कहा कि पीएम ने कई वादे किए, लेकिन कुछ भी पूरा नहीं हुआ। वो पब्लिसिटी पीएम हैं न कि परफॉर्मिंग पीएम। उन्होंने कहा कि एमएसपी का वादा करके मोदी सरकार देना भूल गई। राफेल पर उन्होंने मोदी सरकार पर गलत एफेडेविड देने का आरोप लगाया। साथ ही मोदी सरकार भ्रष्टाचार के मामले में टॉपर बताया है।

संविधान विरोधी ताकतों को हराना होगाः कांग्रेस

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने ममता द्वारा आयोजित इस महारैली में मंच से भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इस सभा के लिए एक संदेश भेजा है कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को खतरा है। संविधान के खिलाफ काम करने वाली ताकतों को हराना होगा। वहीं, कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि आज 22 पार्टियों का इंद्रधनुष बना है। रंग अलग होते हुए भी विपक्ष एक इंद्रधनुष है। उन्होंने नारा लगाया कि जनता की यही पुकार अब नहीं चाहिए मोदी सरकार।

चौकीदार जी जान लें कि देश की जनता है थानेदार: तेजस्वी यादव

बिहार के पूर्व उपमुख्‍यमंत्री व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें देश को जोड़ना का काम करना चाहिए। भाजपा भगाओ, देश बचाओ का समय आ गया है। चौकीदार जी जान लें कि थानेदार देश की जनता है। नरेंद्र मोदी-अमित शाह से हाथ मिलाने वाले लोग राजा हरीशचंद्र हैं? अब हम सब मिलकर देश को तरक्की की राह पर ले जाने का काम करेंगे।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक में दिखी विपक्षी एकता, एक मंच पर आएं मायावती-अखिलेश समेत ये दिग्गज, देखें तस्वीरें

वहीं रैली में बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। सरकार बनने से पहले बहुत सारे वादे किए और सत्ता पर काबिज होने के बाद सभी वादों को भूल गए। किसान, गरीब, मजदूरों और दलितों को परेशान किया है। करोड़ों लोगों को इनके कामों की वजह से बेरोजगार होना पड़ा है। केंद्र की सरकार ने कई कारखाने बंद करवा दिये। इसलिए ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना जरूरी है। इसके लिए विपक्ष को एक होना है और सपा-बसपा ने गठबंधन कर इसकी शुरुआत कर दी है।

मोदी-शाह से लोगों का ऐतबार उठ गया है: शौरी

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी ने कहा कि राफेल जैसा घोटाला किसी सरकार में नहीं हुआ। ऐसी झूठ बोलने वाली सरकार कभी नहीं आई। इस सरकार ने हर संस्था को बर्बाद करने की जिद पकड़ रखी है। मोदी-शाह से लोगों का ऐतबार उठ गया है।  मोदी समझ गए हैं कि सत्ता से उनकी पकड़ हिल गई है। अरुण शौरी ने आगे कहा कि हम अकेले होकर लड़गें तो मोदी सरकार को देश बर्बाद करने से नहीं रोक पाएंगे। अगर हम गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी एकजुट होते तो परिणाम कुछ और होता। अब बंगाल की शेरनी ने विपक्ष को एकजुट करने का काम लिया है।

अच्छे दिन लाना है तो मोदी को भगाना हैः जयंत चौधरी

अजित सिंह चौधरी के बेटे जयंत चौधरी ने कहा कि यह रैली नहीं रैला है। निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए जनता के पैसों को लूटा जा रहा है। नेता जिद्दी भी होता है। चौधरी चरण सिंह किसानों के लिए जिद्दी थे। ममता कोलकाता के लिए जिद्दी हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन लाना है तो मोदी को भगाना है। विपक्षी दल कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और भाजपा के तंबू को उखाड़ फेकेंगे।

संविधान को खत्म करने की हो रही कोशिशः जिग्नेश

जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि देश बुरे दौर से गुजर रहा है। विपक्ष का एकजुट होना बड़ा संदेश है। देश में किसान, मजदूर और दलितों का शोषण हो रहा है। संविधान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

जवाब देंगे क्षेत्रीय दल: हेमंत सोरेन

झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि क्षेत्रीय दल सांप्रदायिक ताकतों को जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों और आदिवासियों का शोषण हुआ है। अरूणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री गेगोंग अपांग ने महारैली में कहा कि पिछले चार साल में भारतीय लोकतंत्र के लिए कई बार परीक्षण हुए हैं।

यह भी पढ़ें- 25 साल बाद फिर साथ आयी सपा-बसपा, गठबंधन का ऐलान, लगे बुआ भतीजा-जिंदाबाद के नारे