राज्य कार्यकारिणी बैठक में अखिलेश की नसीहत, “गुटबाजी से दूर रहें कार्यकर्ता, वोटर लिस्‍ट पर दें ध्‍यान”

सपा की राज्‍य कार्यकारिणी
सपा की राज्‍य कार्यकारिणी को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को लखनऊ में आयोजित सपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट पर ध्यान देने और गुटबाजी से दूर रहने के नसीहत दी।

अखिलेश ने कहा कि किसी भी जिले में गुटबाजी नहीं होना चाहिए। सभी को मिलकर चुनाव के लिए जुट जाना है। साथ ही कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें और पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के हक व अधिकार की बात करें।

सपा सुप्रीमो ने योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग कर समाजवादी पार्टी को हराने का काम किया था। तीन लाख 50 हजार मतों के अन्तर से भाजपा ने समाजवादी पार्टी को सत्ता में नहीं आने दिया। भाजपा अभी भी समाजवादी पार्टी के मतदाताओं के वोट काटने की साजिश में लगी है। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक इसलिए निगरानी रखनी है और पार्टी संगठन को मजबूत बनाना है।

शासन-प्रशासन का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश करेगी भाजपा

हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों और पार्टी के बहादुर और कर्मठ कार्यकर्ताओं के मुकाबले कहीं नहीं टिक पाएगी। भाजपा सरकार शासन-प्रशासन का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश करेगी। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता इसकी निगरानी में लग जाए। 2024 के चुनाव में भाजपा का सत्ता से जाना तय है।

सपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को पार्टी के लखनऊ स्थित मुख्यालय पर हुई। बैठक में वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव के साथ ही 300 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। जिसमें पार्टी की रणनीति को लेकर मंथन किया गया। बैठक में शामिल हुए सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सपा प्रदेश में लगातार संघर्ष कर रही है। सपा का प्रयास है कि पार्टी यूपी में सभी 80 सीटों पर भाजपा को परास्त करे।

यह भी पढ़ें- मुलायम सिंह यादव को यादकर बोले अखिलेश, सैफई में नेताजी के सम्मान में कराया जाएगा स्मारक का निर्माण

लोकसभा चुनाव में अब सिर्फ छह महीने का ही समय बाकी है। ऐसे में बैठक में लोकसभा चुनाव प्रमुख मुद्दा है। सपा विपक्षी गठबंधन इंडिया की सदस्य है पर अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जिन राज्यों में क्षेत्रीय दल मजबूत हैं वहां उन पर भरोसा किया जाए।

हालांकि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर सपा व कांग्रेस नेताओं में बयानबाजी हुई है। प्रदेश में कांग्रेस भी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है। इसके लिए अलग-अलग अभियानों व सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश की PDA साइकिल यात्रा में सपा नेता को आया हार्ट अटैक, अस्पताल में तोड़ा दम