बिप्लब देव के बाद माणिक साहा बने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री, ली पद व गोपनियता की शपथ

माणिक साहा

आरयू वेब टीम। त्रिपुरा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपनी पुरानी रणनीति को दोहराते हुए मुख्यमंत्री बदल दिया और माणिक साहा को त्रिपुरा का मुख्यमंत्री घोषित किया। वहीं रविवार को माणिक साहा ने राजभवन में नए मुख्यमंत्री के तौर पर पद एवं गोपनियता की शपथ ली।

बात की जाए तो बिप्लब देव ने शनिवार को अचानक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। भाजपा ने त्रिपुरा में परोक्ष तौर पर सत्ता विरोधी लहर से पार पाने और पार्टी पदाधिकारियों के भीतर किसी भी तरह के असंतोष को दूर करने के एक प्रयास के तहत नए चेहरे को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने की रणनीति बनाई। जिसके तहत बिप्लब देव के इस्तीफा देने के कुछ घंटों के भीतर ही माणिक साहा को विधायक दल का नेता चुन लिया गया था।

माणिक साहा पूर्वोत्तर से कांग्रेस के ऐसे चौथे पूर्व नेता हैं जो भाजपा में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री बने हैं। इनके अलावा असम के हिमंत बिस्व सरमा, अरुणाचल प्रदेश के पेमा खांडू और मणिपुर के एन बीरेन सिंह शामिल हैं जो पहले कांग्रेस में थे और उनकी भाजपा में आने के बाद ताजपोशी हुई। माणिक साहा ने साल 2016 में कांग्रेस को अलविदा कहते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद पार्टी ने उन्हें साल 2020 में भाजपा प्रदेश प्रमुख बनाया और इस साल मार्च में उन्हें राज्यसभा के लिए चुना गया।

यह भी पढ़ें- प्रमोद सावंत लगातार दूसरी बार बने गोवा के CM, ली पद व गोपनियता की शपथ

बता दें कि बिप्लब देव ने शनिवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद कहा कि उन्होंने पूरे दिल से राज्य के लोगों की सेवा की है। पार्टी सबसे ऊपर है। मैं भाजपा का निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। मुझे उम्मीद है कि जो जिम्मेदारी दी गई, उसके साथ मैंने न्याय किया। 25 साल के भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के शासन को ध्वस्त करने के बाद साल 2018 में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए बिप्लब देव की ताजपोशी की थी।

यह भी पढ़ें- पुष्कर सिंह धामी फिर बने उत्‍तराखंड के CM, आठ कैबिनेट मंत्रियों ने भी ली शपथ