पुष्कर सिंह धामी फिर बने उत्‍तराखंड के CM, आठ कैबिनेट मंत्रियों ने भी ली शपथ

पुष्कर सिंह धामी

आरयू वेब टीम। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे दस मार्च को आने के बाद आज राज्‍य में नई सरकार का गठन हुआ है। पुष्‍कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून में एक बार फिर राज्‍य के मुख्‍यमंत्री के तौर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पुष्‍कर सिंह धामी को सीएम पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। धामी के साथ आठ कैबिनेट मंत्रियों ने भी आज पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

उत्‍तराखंड के सीएम के तौर पर पुष्कर सिंह धामी का शपथ-ग्रहण समारोह देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री और अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ​गुरमीत सिंह ने 46 वर्षीय धामी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। वह लगातार दूसरी बार राज्‍य के मुख्‍यमंत्री बने हैं। इससे पहले भाजपा नेतृत्‍व ने जुलाई 2021 में तीरथ सिंह रावत के इस्तीफा के बाद उन्‍हें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली थी। 45 वर्षीय धामी राज्य के सबसे कम उम्र के सीएम बने थे।

पुष्‍कर सिंह धामी के साथ आज आठ कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें पांच पुराने चेहरे हैं तो तीन नए चेहरों को भी शामिल किया गया है। सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धनसिंह रावत, सुबोध उनियाल और रेखा आर्य जहां बीजेपी की पूर्ववर्ती सरकार का भी हिस्‍सा रह चुके हैं। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा और चंदन रामदास तीन नए चेहरे हैं, जिन्‍हें मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। सौरभ बहुगुणा राज्‍य के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे हैं।

यह भी पढ़ें- पुष्कर सिंह धामी ने ली उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ, बोले, समाधान के लिए जाऊंगा लोगों के बीच

मालूम हो कि उत्‍तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 14 फरवरी को हुआ था, जिसके नतीजों की घोषणा दस मार्च को हुई थी। इसमें 47 सीटों पर जीत के साथ भाजपा ने राज्य में लगातार दूसरी बार सत्तासीन होने का इतिहास रचा है। इस चुनाव में बीजेपी ‘उत्तराखंड फिर मांगे, मोदी-धामी की सरकार’ नारे के साथ उतरी थी।

हालांकि चुनाव में भाजपा की अगुवाई करने वाले धामी स्‍वयं अपनी परंपरागत सीट खटीमा से हार गए, लेकिन पार्टी बहुमत के साथ जनादेश हासिल करने में सफल रही और यही वजह है कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर उन्‍हें सत्‍ता की बागडोर सौंपकर उनमें अपना भरोसा जताया है।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में भाजपा को फिर मिली प्रचंड बहुमत, दूसरे नंबर पर सपा, कांग्रेस दो तो एक सीट पर सिमटीं बसपा