आरयू वेब टीम। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर से निशाना साधा है। राहुल गांधी ने मणिपुर में हिंसा की ताजा घटना को लेकर बृहस्पतिवार को कहा कि यह स्थिति मोदी सरकार की ‘विभाजनकारी विचारधारा’ का नतीजा है। राहुल ने ये भी आरोप लगाया कि आज मणिपुर ही नहीं, पूरा देश ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवेदना के दो शब्द की उम्मीद भी छोड़ चुका है।
रायबरेली से सांसद ने ‘एक्स’ पर मणिपुर हिंसा से जुड़ी एक खबर की तस्वीर शेयर कर अपने पोस्ट में लिखा कि मणिपुर सालों से जल रहा है, और आज फिर नफ़रत और हिंसा की आग में 20 घर राख हो गए। साथ ही कहा कि ‘‘दो सरकारों और राष्ट्रपति शासन के बावजूद संघर्ष गहराता ही जा रहा है। हजारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, अनगिनत परिवार उजड़ गए हैं।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह ‘‘विभाजनकारी विचारधारा’’ का नतीजा है, जो लोगों को धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र और पहचान के नाम पर बांटती है। राहुल ने दावा किया कि आज मणिपुर ही नहीं, पूरा देश प्रधानमंत्री से संवेदना के दो शब्द की भी उम्मीद छोड़ चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर बेहतर का हकदार है और इसके लिए भारत जोड़ना ही एकमात्र रास्ता है।’’
यह भी पढ़ें- मणिपुर में फिर भड़की हिंसा तो कांग्रेस ने साधा प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना
बता दें कि मणिपुर के कामजोंग जिले में बुधवार को भारत- म्यांमा सीमा के पास कम से कम दो आदिवासी गांवों के कई घरों में हथियारबंद उग्रवादियों ने आग लगा दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न करीब 12:30 बजे कुकी-जो समुदाय के गांव फाइमोल में फूस के बने कई घरों में आग लगा दी गई। यह गांव अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास चसाड थाने से लगभग 45 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है।




















