मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध लखनऊ में AAP का प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की

आप का प्रदर्शन
कार्यकर्ताओं को ले जाती पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की सीबीआइ द्वारा हुई गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को प्रदेशभर में आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन कर इसे लोकतंत्र के लिए काला दिन बताया। लखनऊ में भी स्वास्थ्य भवन चौराहे पर भारी संख्या में आप कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। जिसपर आप कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की  भी हुई। जिसके बाद पुलिस ने बलप्रयोग कर कार्यकर्ताओं को वाहनों से इको गार्डन ले गई।

अवध प्रांत के अध्यक्ष सूरज प्रधान ने इस मौके पर कहा कि शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया बेकसूर हैं और जनता इसका जवाब जरूर देगी। उन्होंने कहा कि इससे हमारा संघर्ष और मजबूत होगा। मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी तानाशाही की इंतेहा है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली के बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए रात-दिन मेहनत करने वाले आम आदमी पार्टी के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करके भाजपा ने साबित कर दिया कि वह आम आदमी पार्टी के सिद्धांतों और उसकी बढ़ती लोकप्रियता से कितना भयभीत है।

वहीं महानगर प्रभारी शेखर दीक्षित ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी वास्तव में भ्रष्टाचारियों को सजा देना चाहते हैं तो आज तक अपने मित्र अडानी के ऊपर उन्होंने किसी तरह की जांच क्यों नहीं करवाई? मोदी जी की तानाशाही चरम सीमा पर है, लेकिन हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं, हम जेल और लाठियों से डरते नहीं हैं।

इसके अलावा निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह पटेल ने कहा कि सारी दुनिया देख रही है कि किस तरह से फर्जी मुकदमों में आम आदमी पार्टी के मंत्रियों को फसाया जा रहा है इसलिए मोदी जी यह न समझें कि उनकी फर्जी कार्रवाई से आम आदमी पार्टी का कारवां थम जाएगा, बल्कि हम और मजबूत होंगे और देश का समर्थन हमारे साथ है। भाजपा निराधार और फर्जी मुद्दों में आप के मंत्रियों को जेल भेज कर खुद ही कटघरे में खड़ी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में आज जमकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और हमें जन समर्थन भी प्राप्त है।

यह भी पढ़ें- कई विभागों के प्रमुख मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी से केजरीवाल सरकार की बढ़ी मुश्किले, चुनौती बना बजट

प्रदर्शन में सरबजीत सिंह मक्कड़, वंशराज दुबे, प्रीतपाल सिंह सलूजा, अलोक सिंह, जॉनी, पंकज यादव, इराम रिज़वी, नूर सिद्दीकी, सुभाषिनी मिश्रा, तुषार, शादाब राइन, संगीता जायसवाल, सईद सिद्दीकी, माजिद अली, अंकित परिहार, जॉनी, वसीम सिद्दीकी, ललित वाल्मीकि, परमात्मा गिरी, नाजिश फरजना, शहंशाह, अभिषेक, युसूफ, ताबिशा, गुड़िया अरविन्द कश्यप सहित कई कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया गिरफ्तार, आठ घंटे की पूछताछ के बाद CBI ने की कार्रवाई