योगी सरकार के तीसरे मंत्री की कोरोना से मौत, दूसरी लहर में चार अन्‍य BJP विधायकों की भी कोविड ले चुका जान

विजय कश्यप
सीएम योगी के साथ विजय कश्यप। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में आम जनता पर कहर बरपा रहा कोरोना वायरस सरकार में बैठे लोगों को भी लगातार अपना शिकार बना रहा है। हाल के ही दिनों में योगी सरकार के चार विधायकों निगलने वाले कोविड-19 ने अब प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री विजय कश्यप की जान ले ली है।

मंगलवार रात बाढ़ एवं नियंत्रण मंत्री विजय कश्यप का गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में कोरोना से मौत हो गयी। मेदांता में उनका पिछले महीने से उपचार चल रहा था। विजय कश्यप मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा से विधायक थे।

विजय कश्यप की 20 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुए थी। वह 29 अप्रैल से मेदांता में भर्ती थे। इससे पहले कुछ दिन नानौता स्थित घर में आइसोलेट रहे थे। तबियत बिगड़ने पर 29 अप्रैल को गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।

मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट से विधायक विजय कश्यप को राज्य मंत्री बनाया गया था। मूलतः संघ कैडर के विजय कश्यप सहारनपुर के जिला बौद्धिक प्रमुख रहे।

सहारनपुर जनपद के नानौता के रहने वाले विजय कश्यप का अपनी बिरादरी में खासा जनाधार माना जाता था। पहली बार 2007 में चरथावल से चुनाव लड़े, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में वह चरथावल सीट से विधायक निर्वाचित हुए। विजय कश्यप भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में भी सदस्य रहे थे।

यह भी पढ़ें- यूपी के एक और भाजपा विधायक की लखनऊ में हुई कोरोना से मौत

बताते चलें कि इससे पहले 23 अप्रैल को लखनऊ पश्चिम के विधायक सुरेश श्रीवास्तव, औरैया के रमेश चंद्र दिवाकर, 28 अप्रैल को बरेली के नवाबगंज से विधायक केसर सिंह गंगवार और सात मई को रायबरेली की सलोन विधानसभा सीट से भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री दल बहादुर कोरी की कोरोना जान ले चुका था, जबकि कोरोना की पहली लहर में भी योगी सरकार के दो कैबिनेट मंत्री समेत भाजपा के कई वरिष्‍ठ नेता कोरोना का शिकार हुए थे।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार की कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण कि कोरोना से PGI में मौत

मुख्‍यमंत्री ने जताया शोक

विजय कश्‍यप की कोरोना से मौत पर सीएम योगी ने अफसोस जाहिर किया है। मुख्‍यमंत्री ने ट्विट कर कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार में मेरे सहयोगी तथा राजस्व व बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

वहीं उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने विजय कश्यप की मौत पर शोक व्यक्‍त किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री व चरथावल से विधायक विजय कशयप के स्वर्गवास का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उनका निधन समाज व राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्‍वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं परिजनों को यह दुख सहने का संबल प्रदान करे।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री व पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान की अस्‍पताल में मौत, कोरोना संक्रमित पाए जाने पर किया गया था भर्ती