आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने
दलित और वंचित वर्गों को आगाह करते हुए बिना नाम लिए नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद पर तंज कसा है। बसपा चीफ ने कहा कि कुछ दल-संगठन और अपने स्वार्थ के लिए दलितों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे आंदोलन कई बार समाज में तनाव बढ़ाते हैं व वास्तविक पीड़ितों की समस्याएं कम होने के बजाय और बढ़ जाती हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संविधान एवं कानून के दायरे में रहकर संघर्ष करने का संदेश दिया।
लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में बसपा मुखिया ने कहा कि लोकतंत्र में वोट की ताकत सबसे बड़ा अधिकार है और इसी शक्ति के माध्यम से समाज के वंचित, दलित, पिछड़े एवं उपेक्षित वर्ग अपने अधिकारों की रक्षा करते हुए सत्ता की “मास्टर चाबी” अपने हाथ में ले सकते हैं। उन्होंने लोगों से भावनाओं में बहकर हिंसा या सड़क पर उतरने के बजाय संवैधानिक व्यवस्था पर भरोसा रखने की अपील की।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर पहली बार बोलीं मायावती, मामले का राजनीतिकरण करना ठीक नहीं
मायावती ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी प्रकार के अन्याय या उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई अवश्य लड़ी जानी चाहिए, लेकिन वह पूरी तरह संविधान और कानून के दायरे में होनी चाहिए। साथ ही कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय पाने का अधिकार देता है और न्यायिक व्यवस्था इतनी मजबूत है कि यदि निचली अदालत से राहत नहीं मिलती तो उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक जाने का पूरा अधिकार सभी को प्राप्त है। उन्होंने कहा कि कानून के शासन में विश्वास बनाए रखना ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए किसी भी विवाद या घटना के बाद लोगों को उकसाकर सड़कों पर उतारना उचित नहीं माना जा सकता।
वोट है सबसे बड़ा लोकतांत्रिक हथियार
बसपा प्रमुख ने कहा कि लोकतंत्र में वोट की ताकत सबसे प्रभावशाली शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि समाज के लोग संगठित होकर अपने मताधिकार का सही उपयोग करें तो वे राजनीतिक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन का सबसे मजबूत माध्यम चुनाव और मतदान है, इसलिए लोगों को अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ानी चाहिए। मायावती ने कहा कि बसपा का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि समाज के उन वर्गों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना है जिन्हें लंबे समय तक अधिकारों से वंचित रखा गया।
संविधान की मर्यादा रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी
प्रेसवार्ता में बसपा के संस्थापक कांशीराम को याद कर मायावती ने कहा कि उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की थी। उनका उद्देश्य समाज के कमजोर, दलित, पिछड़े और उपेक्षित वर्गों को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाना था। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने भारतीय संविधान के माध्यम से करोड़ों लोगों को समान अधिकार और न्याय का रास्ता दिया। ऐसे में संविधान की मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
हाल की घटनाओं का किया जिक्र
वहीं मेरठ, सहारनपुर, प्रयागराज और हरदोई में हुई विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए मायावती ने
कहा कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय अवश्य मिलना चाहिए, लेकिन इसके लिए संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना के बाद लोगों की भावनाएं स्वाभाविक रूप से आहत होती हैं, लेकिन ऐसे समय में धैर्य और कानून पर भरोसा बनाए रखना अधिक आवश्यक होता है।
…समाज में बढ़ाते हैं तनाव
इस दौरान बिना किसी दल या नेता का नाम लिए बसपा प्रमुख ने कहा कि कुछ लोग संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों के लिए जनता को गुमराह कर सड़कों पर उतरने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आंदोलन कई बार समाज में तनाव बढ़ाते हैं और वास्तविक पीड़ितों की समस्याएं कम होने के बजाय और बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि हिंसा, हंगामा, तोड़फोड़ और सड़क जाम जैसी गतिविधियों से किसी को न्याय नहीं मिलता। बल्कि इससे आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होती है।
घटनास्थलों पर पहुंचकर लेते हैं राजनीति लाभ
वहीं चंद्रशेखर आजाद का नाम लिए बिना हमला बोलते हुए मायावती ने कहा कि कुछ राजनीतिक नेता किसी भी संवेदनशील घटना के बाद तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करते हैं। उनके अनुसार, इस प्रकार की राजनीति से पीड़ित परिवारों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, बल्कि कई बार माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना को राजनीतिक मंच बनाने के बजाय पीड़ितों को न्याय दिलाने और प्रशासन से उचित कार्रवाई कराने पर अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए।
सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करने का संकल्प
अपने संबोधन के अंत में मायावती ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी लगातार सत्ता की “मास्टर चाबी” हासिल करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के सभी कमजोर और उपेक्षित वर्गों को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाना तथा उन्हें सम्मान जनक भागीदारी दिलाना है। बसपा मुखिया ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और वोट की ताकत के माध्यम से लोकतांत्रिक तरीके से परिवर्तन लाने का आह्वान किया।




















