MP में गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, 11 की मौत

गणपति विसर्जन
राहत व बचाव कार्य करती टीम।

आरयू वेब टीम। गणपति विसर्जन के दौरान शुक्रवार को मध्‍य प्रदेश के भोपाल में एक बड़ा हादसा हो गया है। भोपाल के खटलापुर घाट पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाव पलटने के चलते 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गयी है। वहीं डूब रहे सात अन्‍य लोगों को समय रहते बचा लिया गया है।

दूसरी ओर घटना की जानकारी लगते ही झील के आसपास हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गयी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचें हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों में रोना-पीटना मचा था।

यह भी पढ़ें- लखनऊ से दिल्ली जा रही बस यमुना एक्सप्रेस-वे पर रेलिंग तोड़ नाले में गिरी, 29 की मौत, दर्जनों घायल

बताया जा रहा है कि जिस नाव से गणपति विसर्जन के लिए श्रद्धालु झील में उतरे थे उसमें कुल 18 लोग सवार थे। प्रतिमा की साइज और लोगों की संख्‍या के हिसाब से नाव भी काफी छोटी थी। किनारे से बीच की ओर कुछ आगे बढ़ने पर ही नाव एक ओर झुक गयी, लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही असंतुलित हुई नाव पलट गयी। जिसके चलते प्रतिमा समेत सभी 18 लोग झील में डूबने लगे।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में फैनी तूफान का कहर, पुरी के कई इलाके डूबे, 175 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं

हादसे की जानकारी लगने पर हड़कंप मच गया। तभी एसडीआरएफ की टीम ने तेजी दिखाते हुए डूब रहे सात लोगों को रेस्‍क्‍यू कर पानी से  बाहर निकाला, जिन्‍हें तत्‍काल अस्‍पताल भेजा गया। घंटों की मशक्‍कत के बाद पानी में डूब चुके 11 लोगों की लाश को भी झील से बरामद कर लिया।

वहीं इस हादसे के बाद मध्य प्रदेश के मंत्री पीसी शर्मा ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मीडिया को बताया कि घटना काफी निंदनीय है। जिला कलेक्टर ने मृतकों के परिवार को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें- प्रतिमा विसर्जन के दौरान गोमती में डूबे पांच युवक, पुलिस की लापरवाही से भड़की जनता