चंद्रमा पर पहुंचा नासा का ‘ओरियन’ कैप्सूल, भेजी पहली फोटो

ओरियन कैप्सूल

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। नासा का ‘ओरियन’ कैप्सूल चंद्रमा पर पहुंच गया। 50 साल पहले नासा  के अपोलो कार्यक्रम के बाद से यह पहली बार है जब कोई कैप्सूल चंद्रमा पर पहुंचा है। पिछले बुधवार को शुरू हुई 4.1 अरब डॉलर की लागत वाली यह परीक्षण उड़ान काफी महत्वपूर्ण है। ओरियन के उड़ान पथ में अपोलो 11, 12 और 14 के लैंडिंग स्थल भी शामिल हैं जो मानव पहुंच के पहले तीन चंद्र स्थल हैं।

कैप्सूल ने 16 नवंबर को फ्लोरिडा स्थित केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से नासा  के अब तक के सर्वाधिक शक्तिशाली रॉकेट से उड़ान भरी थी। जैसे ही कैप्सूल चंद्रमा के पीछे से बाहर निकला, इसमें लगे कैमरों ने धरती की एक तस्वीर भेजी। अगर सबकुछ ठीक रहा तो इसे तिरछी कक्षा में रखने के लिए शुक्रवार को एक और ‘इंजन फायरिंग’ की जाएगी।

यह भी पढ़ें- NASA का पृथ्वी को बचाने का डार्ट मिशन सफल, एस्टेरॉयड से टकराया स्पेसक्राफ्ट, देखें Video

धरती पर लौटने से पहले कैप्सूल चंद्रमा की कक्षा में करीब एक सप्ताह बिताएगा। इसे 11 दिसंबर को प्रशांत महासागर में गिराने की योजना बनाई गई है। कैप्सूल में कोई लैंडर नहीं लगा है और इसका चांद से कोई स्पर्श नहीं होगा।

इस मिशन के सफल होने पर नासा 2024 में अंतरिक्ष यात्रियों को चांद के आसपास भेजने के मिशन को अंजाम देगा। इसके बाद नासा  2025 में एक यान को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतारने की कोशिश करेगा।

यह भी पढ़ें- नासा का मिशन मून लॉन्च, अपोलो परियोजना के 50 साल बाद चंद्र रॉकेट ने उड़ान भरी