पंजाब में बसों की जबरदस्त टक्कर, नवजोत सिद्धू की ताजपोशी में जा रहे तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत, 50 घायल

बसों की जबरदस्त टक्कर
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद बस।

आरयू वेब टीम। पंजाब में आज भीषण सड़क हादसा हो गया है। मोगा-अमृतसर के मेन हाइवे के पास शुक्रवार दो बसों की जबरदस्‍त टक्‍कर में तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा लुहारा गांव के नजदीक हुआ है। हादसे का शिकार हुई बसों में से एक बस नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी के कार्यक्रम में जा रही थी। ओवरटेक करते हुए ये हादसा हुआ है। ऐसा कहा जा रहा है कि एक प्राइवेट बस, रोडवेज की बस को ओवरटेक कर रही थी। तभी प्राइवेट बस अनियंत्रित हो गई और दोनों बसों में जबरदस्‍त टक्‍कर हो गई। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्‍हें फरीदकोट के श्री गुरु गोविंद सिंह अस्‍पताल और मोगा के सिविल अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे पर राज्‍य के मुख्‍यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर दुख जताया है। उन्‍होंने कहा, ‘मोगा जिले में बस दुर्घटना के बारे में जानकर दुख हुआ, जिसमें तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। डीसी मोगा को सभी घायलों को तुरंत पूरा इलाज मुहैया कराने और सरकार को रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है।’

यह भी पढ़ें- आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित स्‍कार्पियों को कंटेनर ने मारी टक्‍कर, नौ की मौत

मालूम हो कि पंजाब कांग्रेस के नए अध्‍यक्ष पद के तौर पर नवजोत सिंह सिद्धू की आज ताजपोशी होने जा रही है।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की ताजपोशी के लिए नवजोत सिंह सिद्धू चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं। इस दौरान कैप्‍टन की चाय पार्टी में सिद्धू शामिल हुए हैं। काफी लंबे चले विवाद के बाद दोनों नेता साथ आए हैं।

बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू आज सुनील जाखड़ की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। वह अब आधिकारिक रूप से पंजाब के नए कांग्रेस अध्यक्ष होंगे। इसके साथ ही आज होने वाले कार्यक्रम के रूप में कांग्रेस भी जनता को एकजुटता का संदेश देना चाहती है। यही वजह है कि इस कार्यक्रम में सभी सांसदों और विधायकों को मौजूद रहने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी में भीषण सड़क हादसा, ऑक्सीजन ढूंढने गए छह लोगों से भरी कार पेड़ से टकराई, पांच की मौत