आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित स्‍कार्पियों को कंटेनर ने मारी टक्‍कर, नौ की मौत

आगरा-कानपुर
घायलों की मदद करते लोग।

आरयू संवाददाता, आगरा। आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को महाशिवरात्रि के दिन बड़ा हादसा हो गया है। एत्मादपुर की ओर से आ रही स्कार्पियो एत्माद्दौला क्षेत्र में मंडी समिति के सामने बेकाबू हो गई और डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी दिशा में पहुंची गई। जिसे सामने से आ रही कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कार्पियो सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने चार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें से एक और ने दम तोड़ दिया। अब मरने वालों की संख्या नौ हो गई है।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा। हादसे में घायल हुए सभी स्कार्पियो सवार बिहार के रहने वाले हैं। जबकि स्कार्पियो का नंबर व चालक झारखंड का रहने वाला है। हाईवे पर हुआ ये हादसा भोर में करीब 5.15 बजे हुआ। एत्मादपुर की ओर से आ रही स्कार्पियो गाड़ी अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ी और रांग साइड पहुंच गई। इसी बीच रामबाग की ओर से कंटेनर आ गया। कंटेनर चालक ने स्कार्पियो बचाने का प्रयास किया, लेकिन स्पीड अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर से दबकर छह लोगों की मौत, 15 पशु भी मरे

वहीं स्कार्पियो में टक्कर मारने के बाद कंटेनर छोड़कर चालक और क्लीनर मौके से भाग गए। हादसे में स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गई और इसमें सवार लोग फंस गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्‍थानीय लोगों की मदद से स्कार्पियो में फंसे चार घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा। जबकि पुलिस ने स्कार्पियो की बॉडी तोड़कर अन्य लोगों को निकालने की कोशिश की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद स्कार्पियो में फंसे अन्य लोग निकल सके। स्कार्पियो में चालक समेत 12 लोग सवार बताए जा रहे हैं। इनमें से आठ की मौके पर ही मौत हो गई। एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीन का उपचार एसएन इमरजेंसी में चल रहा है।

स्कार्पियो का नंबर जेएच 13 डी 5029 है। यह छतरा झारखंड के एमडी हिफजुर रहमान के नाम से पंजीकृत है। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर शिनाख्त का प्रयास कर रही। बचाव कार्य में लगे लोगों को एक घायल ने बताया था कि वे गया से आ रहे हैं। अभी घायलों में से कोई बोलने की स्थिति में नहीं है। उधर, हाईवे पर हादसे के बाद कई किमी तक जाम लग गया। हाईवे से पुलिस द्वारा कंटेनर और क्षतिग्रस्त स्कार्पियो को हटवा दिया गया है।

मृतकों की शिनाख्त बिहार के गया में फुलवारिया निवासी 17 वर्षीय गुड्डू कुमार, 15 वर्षीय नागेंद्र कुमार 17 वर्षीय सुरेंद्र कुमार, विपिन झारखंड के चतरा में हंटरगंज निवासी बबलू प्रजापति, गया में देवरिया निवासी बबलू प्रजापति, विकास कुमार, गया में हुसैड़ी निवासी 26 वर्षीय राजेश और गया में ही वरह निवासी अमन के रूप में हुई है। घायल यात्रियों में बिहार के गया में कोड़िया निवासी सुजीत, 35 वर्षीय सूरज देव, गया में फुलवारिया निवासी छोटू एसएन इमरजेंसी में भर्ती हैं।

यह भी पढ़ें- UP में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस व गैस टैंकर की टक्कर में आठ की मौत, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल