आरयू वेब टीम। झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में सारंडा जंगल में शुक्रवार को नक्सलियों ने आइईडी विस्फोट कर बड़ी घटना को अंजाम दिया। जिसमें कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए। विस्फोट की आवाज सुनते ही बाकी जवानों ने सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक आज जवान नक्सलियों के खिलाफ एक ऑपरेशन के लिए जा रहे थे। तभी करीब 10:40 बजे वे आईईडी की चपेट में आ गए। ब्लास्ट की चपेट में आने से दोनों जवान बुरी तरह घायल हो गए। साथियों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और फिर बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से रांची के मेडिका अस्पताल भेजा गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस क्षेत्र में भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा और अनमोल सहित कई नक्सली सक्रिय हैं। इस क्षेत्र में सुरक्षाबलों की टीम लगातार अभियान चला रही है और नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। घायल जवानों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज दिया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक करोड़ का ईनामी वसवराजू समेत ढेर किए 27 नक्सली, जवान भी शहीद
सुरक्षाबल इस क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं। नक्सलियों के सक्रिय होने के कारण यह क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है। जवानों का यह अभियान नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाया जा रहा है।


















