सीमा पर चीन से विवाद पूरी तरह कंट्रोल, नेपाल के साथ भी हमारे रिश्ते मजबूत: नरवणे

एमएम नरवणे
एमएम नरवणे। (आर्मी चीफ)

आरयू वेब टीम। इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेने देहरादून पहुंचे सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने शनिवार को चीन और नेपाल के साथ चल रहे सीमा विवाद को लेकर बयान दिया। नरवणे ने कहा कि मैं सभी को भरोसा दिलाता हूं कि चीन के साथ हमारी सीमाओं पर हालात पूरी तरह कंट्रोल में हैं। हम लगातार संपर्क में हैं। कोर कमांडर स्तर की बातचीत हुई है और समान रैंक के कमांडरों की बैठकें जारी हैं। साथ ही  कहा कि नेपाल के साथ भी हमारे रिश्ते मजबूत हैं।

सेना प्रमुख ने कहा कि नेपाल से भौगोलिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक जुड़ाव है और दोनों देशों के लोग आपस में जुड़े हैं। यह रिश्ते आगे भी मजबूत रहेंगे। इसके अलावा चीन पर बात करते हुए नरवणे ने कहा चीन के साथ हमारे बॉर्डर की पूरी स्थिति नियंत्रण में है। हमारी चीन के साथ बातचीत की श्रृंखला चल रही है। हमें उम्मीद है कि हमारे बीच लगातार हो रही इस बातचीत से विवाद का समाधान निकलेगा।

यह भी पढ़ें- विदेश मंत्रालय ने कहा, समझौते के अनुरूप विवाद सुलझाने को भारत-चीन में सहमति

जनरल ने आगे कहा कि जहां तक जम्मू-कश्मीर की बात है। पिछले दस से 15 दिनों में 15 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए हैं। यह सब सुरक्षाबलों और एजेंसियों के बीच अच्छे तालमेल की वजह से हुआ है। कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ ज्यादातर ऑपरेशन स्थानीय लोगों के इनपुट्स के बाद चलाए जाते हैं। स्थानीय लोग भी आतंकवाद से पूरी तरह से परेशान हो चुके हैं। वे चाहते हैं कि हालात सामान्य हो जाएं।

गौरतलब है कि लद्दाख के साथ सिक्किम में मई के पहले हफ्ते से भारत और चीन की सेनाओं के बीच तनातनी चल रही है। पिछले दिनों दोनों देशों के कोर कमांडरों के बीच कुछ दौर की बातचीत हुई। इसके बाद टकराव कम हुआ है।

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर गोलीबारी में एक भारतीय की मौत, दो लोग घायल

वहीं चीन ने बुधवार को कहा था कि दोनों देशों के बीच सेना पीछे हटाने को लेकर आपसी सहमति बन चुकी है। भारत पहले ही साफ कर चुका है कि दोनों देशों के बीच तनाव पूरी तरह तब खत्म होगा, जब चीन सीमा से 10 हजार सैनिकों को हटाएगा। इससे पहले नौ मई को सिक्किम में भी भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने आ गए थे।

दूसरी ओर भारत और नेपाल में सीमा विवाद के कारण रिश्ते तनावपूर्ण हैं। आठ मई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिपूलेख से धारचूला तक बनाई गई सड़क का उद्घाटन किया था। इसके बाद नेपाल ने लिपुलेख को अपना हिस्सा बताते हुए विरोध किया था। 18 मई को नेपाल ने नया नक्शा जारी किया। इसमें भारत के तीन इलाके लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी को अपना हिस्सा बताया।

यह भी पढ़ें- राहुल का मोदी सरकार पर हमला, चीनी हमारी सीमा में दाखिल हो गए मगर PM हैं खामोश

सीमा विवाद के बीच शुक्रवार को बिहार के जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाल की तरफ से फायरिंग हुई। इसमें एक भारतीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं। दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। जानकीनगर बिहार के सीतामढ़ी जिले में आता है। यहां भारत का सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) तैनात है।

यह भी पढ़ें- पहली बार मीडिया से बातचीत में बोले जनरल नरवणे, सरकार कहे तो सेना POK में कार्रवाई के लिए है तैयार