केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

नितिन गडकरी
धमकी देने वाले गिरफ्तार आरोपित उमेश विष्णु राउत।

आरयू वेब टीम। एक बार फिर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। रविवार को नितिन गडकरी के नागपुर स्थित घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस धमकी भरे कॉल के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिसके बाद स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को एक कॉल आई, जिसमें कहा गया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ा दिया जाएगा। इस कॉल के बाद पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस ने तुरंत इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त होते ही कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने तत्काल ही स्थानीय पुलिस थाने को मामले की जानकारी दी और जांच में जुट गई। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत गडकरी के घर के आस-पास के इलाके में सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस और डॉग स्क्वाड की टीम ने गडकरी के घर का बारीकी से निरीक्षण किया।

सभी सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने के बाद पुलिस ने धमकी देने वाले की खोज शुरू की। कुछ घंटों बाद पुलिस ने आरोपित को नागपुर के बीमा दवाखाना के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान उमेश विष्णु राउत के रूप में हुई। उमेश विष्णु राउत नागपुर के मेडिकल चौक स्थित एक देसी शराब की दुकान पर काम करता है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी है। गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले इस व्यक्ति ने ऐसा क्यों किया, यह जांच का विषय बना हुआ है।

गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी देने के बाद से उनके समर्थक और परिवारवाले चिंतित हो गए थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस समय केंद्रीय मंत्री नागपुर में ही मौजूद थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न केवल उन्हें सुरक्षा प्रदान की, बल्कि पूरे इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का काम भी किया।

यह भी पढ़ें- फोन पर मिली नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी, दाऊद का लिया नाम, बढ़ी सुरक्षा

वहीं गिरफ्तार आरोपित उमेश विष्णु राउत से पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने केंद्रीय मंत्री के घर को बम से उड़ाने की धमकी क्यों दी। क्या वह किसी व्यक्तिगत दुश्मनी या किसी अन्य कारण से यह कदम उठाने की कोशिश कर रहा था, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, ताकि इस मामले का सही कारण सामने आ सके।

यह भी पढ़ें- CRPF व नेवी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप