आतंकवादियों को बिरयानी खिलाते थे कांग्रेस के लोग, गोली और गोला खिलाती है मोदी जी की सेना: योगी

बिरयानी
जनसभा को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ/गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव 2019 के प्रचार के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गाजियाबाद पहुंचे। जहां मुख्‍यमंत्री ने घंटाघर रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के साथ ही सपा-बसपा और रालोद पर हमला बोला।

उन्‍होंने कहा 2014 के पहले पूरे देश के अंदर आराजकता का माहौल था। कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार का एक-एक जर्रा भ्रष्टाचार में डूबा था। जिसकी वजह से दुनिया के अंदर भारत का सम्मान समाप्त हो गया था। इस दौरान योगी ने सपा-बसपा और रालोद पर नकारात्‍मक राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

योगी ने कहा कि कांग्रेस के लोग आतंकवादियों को बिरयानी खिलाते थे और मोदी जी की सेना आतंकवादियों को गोली और गोला खिलाती है। कांग्रेस के लोग मसूद अजहर जैसे आतंकवादियों के साथ ’जी’ लगाकर आतंकवाद को प्रोत्साहित करते हैं। कांग्रेस और मोदी सरकार में यही अंतर है।

यह भी पढ़ें- मथुरा में बोले योगी, कांग्रेस है तबाही इसे मत आने दीजिए, जीरो पर सिमटेगी सपा-बसपा

सीएम ने आगे कहा कि भारत पुलवामा के अंदर अपने शहीदों की शहादत का बदला लेता है तो पाकिस्तान अपने यहां शवों को गिनता है। वहीं देश में विपक्ष के लोग भारत की जनता को अपमानित करने के लिए सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस, बसपा, रालोद और सपा लगातार भारत के लोगों को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। ये लोग नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। यह लोग सत्ता में सिर्फ इसलिए आना चाहते हैं, जिससे ये भारत के संसाधनों को लूट सकें।

कांवड़ यात्रा निकालिए, डीजे बजाइए, शंख बजाइए कोई रोक-टोक नहीं होगी

यूपी की पिछली अखिलेश सरकार पर निशान साधते हुए योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर प्रतिबंध लगाया गया था। हमने सत्ता में आने के बाद कांवड़ यात्रा को नया रूप देने का काम किया। आज आप कांवड़ यात्रा निकालिए, डीजे बजाइए, शंख बजाइए कोई रोक-टोक नहीं होगी। पिछली सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश के अंदर दंगे करके पर्व और त्यौहारों को मनाने से रोका जाता था।

अपराधी जेल में या राम नाम सत्य की राह पर निकल चुके

हमला जारी रखते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा बड़ा मामला था, लेकिन भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश के अंदर सुरक्षा का वातावरण है। यहां बेटियां और व्यापारी सुरक्षित हैं। प्रदेश के अंदर अपराधी अब या तो जेल के अंदर हैं या राम नाम सत्य की राह पर निकल चुके हैं।

योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि भारत को अंतरिक्ष के क्षेत्र में महाशक्ति क्या बनाया कांग्रेस, सपा और बसपा को बुरा लगने लगा। इसकी शिकायत उन्होंने चुनाव आयोग से कर दी। अब भारत में एक ही विकल्प है, मोदी और सिर्फ मोदी। उत्तर, पूरब, दक्षिण में कहीं भी जाइए। एक ही विकल्प है, मोदी। नामुमकिन अब मुमकिन है, क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने अब जारी की 46 लोकसभा के उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट, जयंत सिन्‍हा, नरेंद्र तोमर समेंत कई दिग्‍गजों को भी मिला टिकट

इस दौरान जनरल वीके सिंह के बारे में सीएम ने कहा कि वीके सिंह ने भारत के आर्मी प्रमुख के तौर पर जो कार्य किए और विदेश राज्य मंत्री के रूप में जो कार्य किए हैं, वह अभिनंदनीय है। वीके सिंह विदेश में हैं तो गाजियाबाद के बारे में, देश में हैं तो गाजियाबाद के बारे में और लखनऊ में हैं तो गाजियाबाद के बारे में सोचते हैं।

कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी व सांसद वीके सिंह, जिले के पांचों विधायक, नगर निगम महापौर आशा शर्मा, पूर्व मेयर आशू वर्मा, राज्य सभा सांसद अनिल अग्रवाल, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, राज्य मंत्री अतुल गर्ग और दूधेश्‍वर मंदिर के महंत नारायण गिरी महाराज समेंत बड़ी संख्‍या नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- बीजेपी IT विभाग की कार्यशाला में बोले सुनील बंसल, पार्टी के प्रचार-प्रसार के साथ विरोधियों को दें जवाब