नामांकन दाखिल कर मुलायम ने कहा, समाजवादी पार्टी को मिलेगा बहुमत, तो बोले अखिलेश खुशहाली के लिए परिवर्तन जरूरी

नामांकन
नामांकन दाखिल करते मुलायम सिंह यादव साथ में अखिलेश यादव व अन्य।

आरयू संवाददाता, 

मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को मैनपुरी लोकसभा सीट से नामांकन कर दिया। इस दौरान उनके साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव मौजूद रहे।

इस मौके पर मुलायम सिंह ने मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस चुनाव में समाजवादी पार्टी को बहुमत मिलेगा। वहीं प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं इस रेस में नहीं हूं। मैं फिलहाल सपा का उम्‍मीदवार हूं और चुनाव बाद इस पर फैसला लिया जाएगा।

वहीं मुलायम सिंह यादव के नामांकन के बाद अखिलेश यादव ने एक जनसभा में कहा कि इस बार दुनिया मैनपुरी में नेताजी की रिकार्ड मतों से जीत देखेगी। नेताजी ने मैनपुरी के लिए बहुत काम किया है, उन्हें ऐतिहासिक जीत दिलाने की जिम्मेदारी यहां के मतदाताओं की है।

यह भी पढ़ें- नामांकन दाखिल कर शिवपाल ने मुलायम सिंह के लिए कह दी ये बड़ी बात

सत्‍ताधारी दल को निशाने पर लेते हुए अखिलेश ने कहा कि कार्यकर्ता संकल्प लें कि अब उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया करना है। देश और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने बर्बाद करने के सिवा कुछ नहीं किया। किसानों, नौजवानों को धोखा दिया। जनता की खुशहाली के लिए परिवर्तन जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने किया वादे के खिलाफ काम

मोदी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो वादे किए थे उनके खिलाफ काम किया, न किसी को नौकरी मिली, न रोजगार। नोटबंदी के चलते करोड़ो लोगों की नौकरियां छिन गई। भाजपा ने हर वर्ग को निराश किया है।

सपा अध्‍यक्ष ने आगे कहा कि पहले समाजवादी लोग अकेले साइकिल से संपर्क  करते थे, अब बहुजन समाज पार्टी भी साथ है। हमारा गठबंधन विचारों का संगम है। इस बार दो दल, दो रंग और दो पार्टियां एक साथ मिलकर लड़ रही हैं। यह गठबंधन देश में बदलाव लाएगा।

यह भी पढ़ें- #LoksabhaChunav2019: पहले चरण की आठ सीटों के लिए कल से नामांकन शुरू, जान लें अधिसूचना से जुड़ी ये जरूरी बातें

गौरतलब है कि नामांकन से पहले भाई शिवपाल यादव ने भी मुलायम सिंह से मुलाकात की और कहा कि वह हमेशा नेताजी के साथ हैं। इसके बाद इटावा के सैफई स्थित आवास से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समाजवादी रथ से मुलायम सिंह यादव को लेकर मैनपुरी पहुंचे। जहां पार्टी कार्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह का जोरदार स्वागत किया।

यहां बता दे कि मुलायम मैनपुरी सीट से पांचवीं बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले वह इस सीट से चार बार सांसद चुने गए हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ और मैनपुरी सीट से चुनाव लड़ा था और दोनों ही जगह से जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने मैनपुरी सीट छोड़ दी थी, जहां से उपचुनाव में तेज प्रताप यादव सांसद चुने गए।

इस बार मुलायम सिंह गठबंधन की तरफ से सपा प्रत्याशी के तौर पर उतरे हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस और शिवपाल यादव ने प्रत्याशी न उतारने का ऐलान किया है। इससे पहले सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के नामांकन से पहले हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया था। हैंड ग्रेनेड थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम झंडाहार के पास मिला।

यह भी पढ़ें- बसपा ने जारी की लोकसभा चुनाव के लिए दूसरी लिस्‍ट, इन छह नेताओं को मिला टिकट