पहले दिन ही खराब हुई मेट्रो, किसी की बस छूटी तो किसी का क्‍लॉस, वीडियो में देखें लोगों का दर्द

मेट्रो
इमरजेंसी गेट से निकलते यात्री।

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। काफी जोरदार तरीके से शुरू की गई लखनऊ मेट्रो आज सुबह बीच रास्‍ते में ही बंद हो गई तो पहले दिन के सफर को यादगार बनाने के लिए मेट्रो पर चढ़े लोगो का मूड भी बिगड़ गया। घटना का कारण तकनीकी दिक्‍कत से मेट्रो की इमरजेंसी ब्रेक का लगना बताया जा रहा है।

मेट्रो
मुसीबत की घड़ी में जरूरतमंदों की जिम्मेदार नागरिकों ने की इस तरह से सहायता।

मिली जानकारी के अनुसार चारबाग से ट्रांसपोर्टनगर जाने के लिए निकली ट्रेन तकनीकी खराबी की वजह से दुर्गापुरी और मवईया के बीच एकाएक बंद हो गई। ट्रेन खराब होने के समय उसमें करीब सौ यात्री सफर कर रहे थे। शुरूआत के मिनटों में यात्रियों ने इस सामान्‍य माना, लेकिन दस-पन्‍द्रह मिनट बीतते ही लोगों में बेचैनी बढ़ गई। बच्‍चों और बुजुर्गों के साथ सफर करने वाले लोग इस दौरान सबसे ज्‍यादा परेशान रहे। वहीं कुछ यात्रियों ने नारेबाजी भी की।

यह भी पढ़ें- शुरु हुई लखनऊ में मेट्रो कल से आप भी कीजिए सफर

घटना की जानकारी लगते ही एलएमआरसी में हड़कंप मच गया। यात्रियों को आनन-फानन में इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला गया। जिसके बाद करीब आधा किलोमीटर पैदल चलकर मेट्रो से निकले यात्री वापस दुर्गापुरी स्‍टेशन पहुंचे। वहीं इस आपाधापी के बीच भी कुछ लोगों ने मेट्रो की पहली यात्रा का आनंनद उठाया।

मेट्रो की गड़बड़ी की वजह से बड़ी संख्‍या में लोग अपने तय समय के आधार पर निर्धारित जगह पर नहीं पहुंचे पाए। जिसके चलते लोगो की बस से लेकर फ्लॉइट तक मिस हो गई। वहीं कई लोग अपने कॉलेज और ऑफिस भी टाइम से नहीं पहुंच सके।

यह भी पढ़ें- सीएम ने दिखाई झंडी, लखनऊ में पहली बार दौड़ी मेट्रो

मेट्रो
पहले सफर के दौरान इस अंदाज में भी दिखे यात्री।

यात्रियों के अनुसार मेट्रो अपने निर्धारित समय से भी देर में स्‍टेशन पहुंची थी, जबकि खराब होने के बाद वह लोग करीब दो घंटे तक उसमे कैद रहे। वहीं एलएमआरसी की माने तो मेट्रो को एक घंटे से कम समय में ही रुट से हटा दिया गया था।

मेट्रो
सुरक्षा को लेकर चिंतित भी नजर आएं लोग।

 

क्‍या बोले जिम्‍मेदार

एलएमआरसी के पीआरओ अमित श्रीवास्‍तव ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के चलते दुर्गापुरी और मवईया के बीच मेट्रो में इमरजेंसी ब्रेक लग गया था। जिसके बाद यात्रियों को इमरजेंसी गेट से सुरक्षित बाहर निकालकर मेट्रो ट्रांसपोर्टनगर डिपो भेज दिया गया है। जहां उसकी प्रॉब्‍लम को ठीक किया जा रहा है। इस दौरान करीब 45 मिनट तक मेट्रो रूकी रही।