पाक ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, बारामुला-रामपुर सेक्टर में की गोलीबारी, छह नागरिक घायल

जवान शहीद
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग का दौर लगातार जारी है। उत्तरी कश्मीर के बारामूला और रामपुर में दो इलाकों में शनिवार को नियंत्रण रेखा पार से हुई गोलाबारी में छह नागरिक घायल हो गए हैं।

पाक ने उरी में नंबला युद्ध विराम समझौते का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की। जिसकी चपेट में आने से 60 साल के अहमद शेख और करीब 20 वर्षीय मकबूल मंगलराम बुरी तरह घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सुरक्षाबलों ने हथियार सप्लाई करने जा रहे पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया

वहीं बारामूला जिले के रामपुर सेक्टर में पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया। शनिवार सुबह पाकिस्तान ने मोर्टार और अन्य हथियारों से फायरिंग करके रामपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर युद्धविराम का उल्लंघन किया। इसमें चार नागरिक घायल हो गए। इस तरह पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी की दो घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। इसके बाद भारतीय सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया।

बता दें कि सेना ने शुक्रवार को बताया था कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने इस साल 100 से अधिक आतंकी मार गिराए हैं। शुक्रवार को 24 घंटे के अंदर दो अलग-अलग मुठभेड़ में आठ आतंकी मारे गए थे। सुरक्षाबलों ने शोपियां में पांच आतंकियों को मार गिराया था, जबकि अवंतीपोरा के पंपोर में तीन आतंकी मारे गए थे। दो आतंकी मस्जिद में घुस गए थे, जिन्हें शुक्रवार सुबह मार गिराया गया था।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: अलग-अलग मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने मार गिराए आठ आतंकीं