UP में पूर्व BSP नेता को बदमाशों ने किया गोलियां से छलनी, दिनदहाड़े हत्या से मचा हड़कंप

पूर्व बसपा नेता
घटनास्थल पर जांच में जुटी पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, कानपुर। कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने बहुजन समाज पार्टी के पूर्व नेता नरेंद्र सेंगर उर्फ पिंटू सेंगर गोलियां से छलनी कर हत्या कर दी। बाइकसवार हमलावरों ने सेंगर पर कई राउंड फायर किए। वहीं दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट की गूंज से स्थानीय लोगों में दहशत है। सूचना पाकर एसएसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारियों ने मौक पर पहुंचकर पड़ताल की।

पुलिस के अनुसार पिंटू ठाकुर आज अपनी इनोवा कार से जेके कॉलोनी आशियाना स्थित सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रेश सिंह के घर जाने के लिए निकले थे। कार को उनका चालक रूपेश चला रहा था। चंद्रेश के घर के सामने पहुंचने पर फोन पर बात करते हुए पिंटू कार से उतरे और सड़क किनारे खड़े होकर बात करने लगे।

इस बीच दो बाइकों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हेलमेट लगाए हमलावरों ने करीब 15 फायर सीधे पिंटू के ऊपर किए, गोली लगने से लहूलुहान होकर पिंटू जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश जाजमऊ की ओर फरार हो गए, वहीं घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। चालक के शोर मचाने पर आए लोग आनन फानन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बसपा नेता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें- उत्‍तर प्रदेश के संभल में दिनदहाड़े सपा नेता व बेटे की गोली मारकर हत्‍या, डबल मर्डर का लाइव वीडियो वायरल

बताया ये भी जा रहा है कि पूर्व बसपा नेता पिंटू ठाकुर का चार बीघे जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर उन्हें पूर्व सपा जिलाध्यक्ष चंद्रेश सिंह के घर पर बातचीत के लिए बुलाया गया था। पुलिस का मानना है कि भूमि विवाद को लेकर हत्या का कारण हो सकता है।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल को सील कर, अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले में चेकिंग अभियान चलाया रही है। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि मौके से 32 बोर के छह खोखे बरामद हुए हैं, साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तथ्यों के आधार पर जल्द से जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी की जाएगी। परिवार वालों से भी पूछताछ के बाद सभी बिंदुओं के आधार पर पड़ताल कराई जाएगी।

मालूम हो कि मूल रूप से गोगूमऊ निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू ठाकुर चकेरी के मंगला बिहार में परिवार के साथ रहते थे और छात्र राजनीति के बाद राजनीतिक दलों में सक्रिय हो गए थे। बसपा की टिकट पर वह छावनी क्षेत्र से विधानसभा सीट का चुनाव लड़े थे। उनकी मां शांति देवी गजनेर की कठेठी से जिला पंचायत सदस्य हैं और पिता सोने सिंह गोगूमऊ के प्रधान हैं। पिंटू ठाकुर तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा प्रमुख को चांद पर जमीन देने की पेशकश कर दी थी। इसके बाद से वह बसपा की राजनीति में सक्रिय थे। वर्ष 2007 में पिंटू ने कैंट सीट से बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। बसपा जिलाध्यक्ष राम शंकर कुरील का कहना है कि नरेंद्र सिंह अब पार्टी के सदस्य नहीं थे, उन्हें 2007 में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

मायावती को की थी चांद पर जमीन की पेशकश

यहां बताते चलें कि नरेंद्र सिंह सेंगर उर्फ पिंटू सेंगर ने उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को 15 जनवरी 2010 में उनके जन्मदिन के मौके पर चांद पर जमीन गिफ्ट करने की पेशकश थी। कानपुर देहात से पिंटू सेंगर की मां जिला पंचायत सदस्य हैं। सेंगर के खिलाफ कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें- चौक में गुटखा एजेंसी पर बदमाशों का धावा, कर्मचारी की हत्‍या कर लूटे लाखों, घिरने पर फायरिंग कर हुए फरार