MP की जनता को प्रियंका ने मंच से दी, “पुरानी पेंशन, किसानों की कर्ज माफी, फ्री बिजली व 500 में गैस सिलेंडर समेत पांच गारंटी”

कांग्रेस की पांच गारंटी
जनता को संबोधित करती प्रियंका गांधी।

आरयू वेब टीम। राजस्‍थान में चुनावी वादा पूरा करने के बाद कांग्रेस ने मध्‍य प्रदेश से भाजपा को सत्‍ता से बेदखल करने के लिए तैयारी तेज कर दी है। आज इसी क्रम में कांग्रेस की यूपी प्रभारी व राष्‍ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी जबलपुर पहुंचीं। यहां एमपी का चुनावी शंखनाद करते हुए उन्होंने शिवराज सरकार पर हमला बोला। प्रियंका ने मंच से कहा कि मध्य-प्रदेश में पिछले 18 साल से रिश्‍वतराज, घोटालाराज चल रहा है। धनबल, से जनादेश को कुचला जा रहा। जनता का शोषण हो रहा है। आपके साथ गलत हो रहा है।

प्रियंका गांधी ने मंच से मध्य-प्रदेश की जनता को पांच गारंटी देते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनती है तो हम पांच गारंटी दे रहे हैं। सरकार बनते ही इन्हें सौ फीसदी पूरा किया जाएगा। इसमें महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे। गैस का सिलेंडर 500 रुपए का मिलेगा। सौ यूनिट बिजली सबसे के लिए माफ, 200 यूनिट बिजली का बिल हॉफ होगा तथा राज्‍य में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। इसके अलावा किसानों का बकाया कर्ज माफ किया जाएगा।

नर्मदा मैया की जय से शुरू किया संबोधन

प्रियंका गांधी ने मंच पर आते ही नर्मदा मैया की जय के साथ संबोधन की शुरूआत की। साथ ही जबलपुर का इतिहास बताते हुए कहा कि आज के समय में हमारे अंदर राजनीति में आस्था क्यों नहीं है, क्यों चुनाव के वायदे, घोषणाएं पूरी नहीं करते। ऐसे वायदे करके जाते हैं, जिनमें नेताओं की खुद की आस्था नहीं होती। जीतकर भूल जाते हैं।

तीन साल में सिर्फ 21 को मिली नौकरी, बेरोजगारी चरम पर

प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि पिछले 18 साल से मध्य-प्रदेश धनबल से जनादेश को कुचला जा रहा है। यहां रिश्वतराज, घोटालों का राज चल रहा है। भयंकर महंगाई है। जनता के कोई काम नहीं हो रहे। महाकाल लोक निर्माण तक में भ्रष्टाचार करने से नहीं चूके। उन्होंने एक आंकड़ा बताते हुए कहा कि सरकार ने तीन साल में मात्र 21 लोगों को नौकरियां दी है! बेरोजगारी चरम पर है, नए शिक्षा संस्थान नहीं खोले।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक कैबिनेट ने बेरोजगारी भत्‍ते समेत लगाई कांग्रेस की पांच गारंटी पर मुहर, CM सिद्धारमैया ने कहा, इसी वित्तीय वर्ष में किए जाएंगे लागू
पीएम की गालियों से लंबी यहां के घोटालों की लिस्ट

प्रियंका ने कहा एमपी में राशन घोटाला, व्यापम घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला स्कॉलरशिप घोटाला, कोरोना घोटाला, खनन घोटाला, बिजली घोटाला, ई-टेंडर घोटाला, टीवी सेट वितरण घोटाला… जैसे तमाम घोटाले हुए हैं। घोटालों में एमपी टॉप पर है। इस दौरान चुटकी लेते हुए कहा कि मोदी जी ने जो गालियों की लिस्ट बताई थी, यहां के घोटालों की लिस्ट उससे ज्यादा लंबी है। महाकाल लोक में हवा में मूर्तियां इमारतें गिर रही हैं, कहां जाकर रूकेंगे ये लोग।

यह भी पढ़ें- प्रियंका ने कहा अहंकारी भाजपा सरकार, बूटों तले रौंद रही महिला खिलाड़ियों की आवाज, संजय सिंह ने भी साधा निशाना