प्रियंका का हमला, प्रधानमंत्री के पास घूमने के लिए पैसा, किसानों को देने के लिए नहीं

गन्ना बकाया भुगतान
कार्यक्रम को संबोधित करतीं प्रियंका।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/बिजनौर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को बिजनौर के चांदपुर में किसान महासभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला है। साथ ही प्रियंका ने किसानों और गन्ना बकाया भुगतान को लेकर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 हजार करोड़ में अपने घूमने के लिए दो-दो हवाई जहाज खरीदे। 16 हजार करोड़ रुपए में एक-एक किसान का गन्ना बकाया भुगतान हो जाता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पास घूमने के लिए पैसा है, लेकिन किसानों को देने के लिए नहीं है।

राज्‍य व केद्र सरकार पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कृषि कानूनों के जरिए पूंजीपति जमाखोरी करेंगे और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिलेगा। उन्‍होंने आगे कहा, ” मैं यहां भाषण देने नहीं आई हूं। मैं आपसे बात करने के लिए आई हूं। कभी-कभी सोचती हूं कि नरेंद्र मोदी जी को दो-दो बार जनता ने क्यों जिताया? शायद भरोसा रहा होगा कि ऐसी-ऐसी नीतियां लाएंगे, जिससे खुशहाली बढ़ेगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें- मौनी अमावस्या पर प्रयागराज पहुंचीं प्रियंका गांधी ने संगम में लगाई आस्‍था की डुबकी, खुद चलाई नाव

कांग्रेस महासचिव ने भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए किसानों से सवाल कर कहा कि क्या गन्ने का दाम बढ़ाया है इन्होंने? कोई दाम नहीं बढ़ा। गन्ना बकाया भुगतान भी नहीं हुआ। किसानों के लिए इनके पास पैसे ही नहीं है, जो भरोसा आपने किया था वो टूट गया है।”

वहीं किसान आंदोलन पर सवाल किया कि क्या किसी की भलाई जबरदस्ती करते हैं? क्या आपकी समझ करोड़ों किसानों से ज्‍यादा है? कृषि कानून को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कृषि कानून से जमाखोरी बढ़ेगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलना बंद हो जाएगा। आप अदालत भी नहीं जा पाएंगे, ऐसा कानून बनाया है कि कोई कानून ही नहीं लागू होगा। ये देश अंधा नहीं है। हर देशवासी देख रहा है।

यह भी पढ़ें- किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका, तीन कृषि कानून BJP के पूंजीपति मित्रों के लिए खोलेगा जमाखोरी के दरवाजे