बोलीं प्रियंका, “फोन टैपिंग छोड़िए, मेरे बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करा रही सरकार, महिलाओं के सामने झुके मोदी, मैं हूं बहुत खुश”

हाथरस की घटना

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। राजधानी लखनऊ पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि उनके बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक किए जा रहे हैं। प्रियंका ने विपक्षी नेताओं के फोन टैपिंग किए जाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर यहां पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, “फोन टैपिंग छोड़िए, मेरे बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक कर रहे हैं। सरकार के पास और कुछ काम नहीं है क्या?”

प्रदेश मुख्यालय से रवाना होने से पहले प्रियंका गांधी ने मीडिया से बात करते हुए आज प्रयागराज के प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि मुझे यह कहना है उत्तर प्रदेश की महिलाओं, मैंने आपसे क्या कहा था, अपनी शक्ति को पहचानो। आज आपकी शक्ति के सामने इस देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी झुक गए हैं। समझ गए हैं कि महिलाएं खड़ी हो गई हैं। पांच सालों से क्यों नहीं यह घोषणा की, आज क्यों कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का बड़ा आरोप, CM के इशारे पर हो रहें सपा नेताओं के फोन टैप, हर शाम खुद कुछ कॉल सुनते हैं मुख्यमंत्री

प्रियंका ने आगे कहा कि चुनाव से पहले क्यों, इसकी वजह ये है कि महिलाएं जागरूक हो गई हैं। महिला उठ गई हैं, मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा हमने दिया, जिससे महिला जाग गई है। वे कह रही हैं कि मेरा हक दो, इसलिए आज नरेंद्र मोदी को भी झुकना पड़ा। मैं बहुत खुश हूं।

बता दें कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं थीं। यहां पर उन्होंने राष्ट्रीय सचिवों के साथ बैठक की। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के ट्रेनरों से भी मुलाकात की। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय से रवाना हो गईं।

यह भी पढ़ें-  ‘शक्ति विधान’ घोषणा पत्र जारी कर प्रियंका ने महिलाओं से किया नौकरी, स्मार्टफोन व स्कूटी के साथ सुरक्षा का वादा