पुलिस से छेड़खानी की शिकायत करने पर UP में बदमाशों ने बेटी के सामने पत्रकार को मारी सरेराह गोली, हालत गंभीर

पत्रकार को मारी गोली
अस्‍पताल में भर्ती घायल पत्रकार।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में पत्रकारों के साथ हो रही घटनाओं को लेकर एक ओर विपक्ष योगी सरकार को निशाने पर ले रहा है तो दूसरी ओर पत्रकारों पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहें हैं। बीती रात करीब आधा दर्जन बदमाशों ने बाइक से जा रहे पत्रकार को घेरकर उसकी बेटी के सामने ही सड़क पर गोली मार दी। घायल पत्रकार को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पत्रकार को गोली मारने की घटना पास में ही लगे एक सीसीटीवी के कैमरे में कैद हो गयी है, जिसका वीडियो भी अब तेजी से सोशल मीडिया पर वॉयरल हो रहा है।

वहीं घटना की वजह पत्रकार द्वारा हाल ही में अपनी एक रिश्‍तेदार के साथ छेड़खानी की घटना होने पर इसकी शिकायत पुलिस से करना बताया जा रहा है। छेड़खानी जैसी घटना के मामले में भी पुलिस आरोपितों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं कर सकी और पत्रकार छेड़खानी करने वाले मनबढ़ों की गोली का शिकार हो गया। घटना को लेकर जहां पत्रकारों में रोष है। वहीं पत्रकार को गोली लगने के बाद हरकत में आयी गाजियाबाद पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को कुल नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, भाजपा सरकार में पत्रकारों के कर्तव्‍य को भी पुलिस मान रही अपराध, चौथे स्तम्भ को कमजोर करने का प्रयास नहीं किया जाएगा स्‍वीकार

मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार विक्रम जोशी विजय नगर थाना क्षेत्र की प्रताप विहार कॉलोनी में रहते हैं। बीती रात वह अपनी बाइक से बेटी के साथ घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने माता कॉलोनी में घेर लिया। करीब आधा दर्जन बदमाशों ने विक्रम की पिटाई करने के बाद कनपटी पर गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पत्रकार को पास में ही स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दूसरी ओर घटना के बाद फास्‍ट हुई पुलिस ने इस मामले में कुल नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ अन्‍य की तलाश की जा रही है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि विक्रम जोशी के भाई अनिकेत जोशी शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित मोहित, दलबीर, आकाश, शाकिर व रवि को गिरफ्तार किया गया है। पांचों से पूछताछ में कुछ और नाम भी सामने आएं हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- पत्रकारों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, कहा सरकार के गलत कामों को उजागर करने वाले पत्रकारों पर अब अपराधिक मुकदमें दर्ज करा रही योगी सरकार

वहीं विक्रम जोशी के परिजनों में पुलिस को लेकर खासा रोष है। परिजनों के अनुसार परिवार की लड़की के साथ छेड़खानी हुई थी। विक्रम ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने लापरवाही बरती जिसके चलते हौसलाबुलंद बदमाशों ने उसे ही गोली मार दी।

दूसरी ओर बाद में मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी गाजियाबाद में इस मामले में लापरवाही बरतने वाले इंस्‍पेक्‍टर को निलंबित कर दिया है। साथ ही घटना में शामिल चार अन्‍य आरोपितों को भी पुलिस ने धर दबोचा है।

प्रियंका ने उठाएं सवाल

वहीं पत्रकार को गोली मारने की घटना को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर सवाल उठाएं हैं। प्रियंका ने आज कहा है कि गाजियाबाद एनसीआर में है। यहां कानून-व्यवस्था का ये आलम है तो आप पूरे यूपी में कानून व्यवस्था के हाल का अंदाजा लगा लीजिए।

एक पत्रकार को इसलिए गोली मार दी गई, क्योंकि उन्होंने भांजी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर पुलिस में दी थी। इस जंगलराज में कोई भी आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?

यह भी पढ़ें- UP में फिर दिखा गुंडाराज, घर में दिनदहाड़े घुसकर पत्रकार व सगे भाई की गोली मारकर हत्‍या, इलाके में रोष के साथ दहशत