पुलिस मुख्यालय पहुंचे CM योगी ने लिया आल इंडिया DG कॉन्फ्रेंस की तैयारियों का जायजा

आल इंडिया डीजी कॉन्फ्रेंस

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी में पहली बार आयोजित हो रही तीन दिवसीय आल इंडिया डीजी कॉन्फ्रेंस की तैयारियों का निरीक्षण करने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे। जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वह हर मंजिल पर गए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री दोपहर करीब दो बजे पुलिस हेडक्वार्टर पहुंचे। उनके साथ इंटेलिजेंस ब्यूरो और स्पेशल प्रोटेक्शन गार्ड की टीम भी गयी थी। गार्ड ऑफ ऑनर से सीएम का स्वागत करने के बाद अधिकारियों ने उन्हें कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। प्रेसवार्ता में यूपी पुलिस की ओर से दिखाई जाने वाली उपलब्धियों का प्रजेंटेशन भी सीएम ने देखा। कुछ अफसरों से सीएम ने सीधी बात भी की।

यह भी पढ़ें- सम्‍मेलन में बोले सीएम योगी, जिन्‍ना समर्थकों से रहें सतर्क, सत्‍ता के लिए कर सकतें हैं कुछ भी, चंद्रगुप्‍त, अशोक व सिकंदर को लेकर कहीं ये बातें

इंटेलिजेंस ब्यूरो की तरफ से हर साल आयोजित होने वाला वह महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस इस बार यूपी में हो रहा है। शुक्रवार से तीन दिन तक यह कार्यक्रम चलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमे करीब 30 घंटे मौजूद रहेंगे।

साथ ही गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल तीन दिन तक इसमे शामिल रहेंगे। सभी प्रदेश के डीजीपी के अलावा रॉ, एसपीजी, आईबी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के प्रमुख इसमे शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें- हटाई गई पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की SPG सुरक्षा, अब केंद्रीय पुलिस बल देगा सिक्‍योरिटी