प्रियंका गांधी का प्रधानमंत्री को जवाब, मोदी जी खोल लें अपमान मंत्रालय

प्रियंका गांधी
जनसभा को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू वेब टीम। बिहार चुनाव को लेकर प्रचार के लिए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पश्चिम चंपारण पहुंची थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपमान किए जाने के आरोप पर कहा कि “मैं मोदी जी को एक सुझाव देती हूं कि वो एक अपमान मंत्रालय खोल लें। मेरे भाई ने ऐसा कुछ नहीं कहा जिससे सेना का अपमान हो। मेरा भाई सेना का भला चाहता है और इस देश का भक्त है। वो इन लोगों के खिलाफ खड़ा होता है, वो निडर है और पूरे देश को सच्चाई दिखाता है।”

वहीं प्रियंका गांधी ने वाल्मीकि नगर में एक चुनावी सभा को संबोधित कर कहा कि 20 सालों से बिहार में एनडीए की सरकार है, लेकिन आज भी यहां के लोगों को रोजगार के लिए अन्य राज्यों में जाना पड़ रहा है। आज खेती-किसानी से भी लोग कमा नहीं पा रहे हैं। एक जमाने में खेती काफी थी, लेकिन आज स्थिति बदल गई है। आज उपज के सही दाम नहीं मिल रहे हैं।

प्रियंका ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज ये लोग देश में किसी भी खराब चीज के लिए जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार बताते हैं, लेकिन आज न्यूयॉर्क में एक अमेरिकी शख्स ने चुनाव जीता और उन्होंने जवाहरलाल नेहरू की बात की। आज विदेशों में नेहरू की बात हो रही है, लेकिन उनके देश में बीजेपी उनका अपमान करती है।

वहीं मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की चर्चा करते हुए कहा कि आज सरकार महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपए दे रही है, लेकिन चुनाव के बाद नहीं मिलने वाले हैं। इनकी नीयत समझने की बात है। प्रियंका ने जनता से यह भी कहा कि पैसे ले लो, लेकिन वोट सोच समझकर दो। साथ ही कहा कि बिहार की धरती ने देश को क्या कुछ नहीं दिया, लेकिन आज शिक्षा व्यवस्था ठप हो गई है। आज बिहार में अपराध बढ़ गए हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि वोट को व्यर्थ नहीं करें। महागठबंधन यहां कई काम करना चाहता है।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी ने कहा, महिलाओं को अपनी सामूहिक शक्ति को राजनीतिक ताकत के रूप में करना चाहिए इस्तेमाल

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी के खिलाफ यात्रा निकाली, लेकिन ये कहते हैं कि घुसपैठिए के लिए यात्रा निकाली, तो क्या यहां के वोटर घुसपैठिए हैं? महागठबंधन लोगों के अधिकरों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने पेपर लीक को लेकर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि आज नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं।

हमला जारी रखते हुए प्रियंका ने कहा कि आज युवा 28 साल के हो गए हैं, लेकिन नौकरियां नहीं मिल रही। महागठबंधन की सरकार पेपर लीक रोकेगी। हम लोग परीक्षा का कैलेंडर लेकर आएंगे। युवाओं को व्यापार शुरू करने के लिए दो लाख रुपए दिए जाएंगे। सरकारी रिक्त पदों को तुरंत भरा जाएगा।

यह भी पढ़ें- प्रियंका की जनता से अपील, वोट चोरी हस्ताक्षर अभियान में हो शामिल, हर सिग्नेचर वोट जितना ही महत्वपूर्ण