प्रियंका का योगी सरकार पर हमला, कोरे दावे की जगह नुकसान का दें किसानों को मुआवजा

ओलावृष्टि
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एकाएक बदलते मौसम के तेवर ने अन्‍नदाताओं की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। बदले मौसम में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले पड़ने से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। जिसे लेकर शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। प्रिंयका ने किसानों को बारिश से बर्बाद हुई फसलों के लिए उचित मुआवजा देने की मांग के साथ ही सीएम योगी को सलाह दी है कि वो किसानों के दर्द को सुने।

प्रियंका गांधी ने आज अपने आधिकारिक ट्विटर अकांउट से किसानों का एक वीडियो ट्वीट कर कहा इन किसानों का दर्द सुनिए। ओलावृष्टि और भारी बारिश के चलते उत्तर प्रदेश की तमाम जगहों पर किसानों की फसल बर्बाद हो गई। कई किसानों की तो 80 प्रतिशत तक फसल बर्बाद हो गई। यूपी की भाजपा सरकार को कोरे दावे करने की बजाय नुकसान का पूरा आंकलन करके किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए।

यह भी पढ़ें- मौसम ने बदले तेवर, लखनऊ में तेज हवा-बारिश के साथ गिरे ओले

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के जिलों में दूसरे दिन भी बारिश और ओले गिरने से गेहूं, मटर, आलू और तिलहन की हजारों हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई। बारिश के साथ चली तेज हवा से अमेठी, रायबरेली, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सीतापुर और बाराबंकी में गेहूं की फसल खेतों में गिर गई है।

यह भी पढ़ें- ओलावृष्टि व जलभराव से फसलों के नुकसान की सूचना 72 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर पर दें किसान

वहीं प्रदेश में ओलावृष्टि, बारिश से होने वाले हादसों में प्रदेश में सात लोगों की मौत की सूचना है। जबकि, मौसम विभाग की माने तो उत्‍तर पूर्वी हवाओं का असर 11 मार्च बना रहेगा। ऐसे में सात से 11 मार्च तक कहीं तेज तो कहीं हल्‍की बरिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें- बारिश ने बढ़ाई ठंड, मौसम विभाग ने कहा, अभी नहीं मिलेगी राहत, ठंड से प्रभावित लोगों के लिए CM ने दिए जरुरी निर्देश