प्रियंका ने तेज की यूपी फतह की तैयारी, “12 हजार KM लंबी ‘हम वचन निभायेंगे, ‘प्रतिज्ञा यात्रा’ निकाल कांग्रेस करेगी विधानसभा चुनाव का आगाज”

हम वचन निभायेंगे
कांग्रेस नेताओं के साथ समीक्षा बैठक करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कुछ महीनों बाद होने वाले उत्‍तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में फतह के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने तैयारियों को तेजी देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस के लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्‍यालय पर पहुंची प्रियंका गांधी ने जिम्‍मेदार पदाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्णय पर मुहर लगाई की यूपी चुनाव में जीत की तैयारियों का आगाज पार्टी 12 हजार किलोमीटर लंबी ‘‘कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा, हम वचन निभायेंगें’’ निकालकर शुरू करेगी।

यूपी कांग्रेस के अनुसार कांग्रेस यह यात्रा योगी सरकार की अर्कमण्यता, जनता से की गई वादाखिलाफी और प्रदेश में व्याप्त भ्रटाचार, मंहगाई, बढ़ते अपराध, महिला हिंसा, बेतहाशा बेरोजगारी और लचर स्वास्थ्य सेवा जैसे जनता के ज्वलंत मुद्दों को लेकर यूपी के चार क्षेत्रों में निकालेगी। यूपी के शहर, हर बड़े गांव व कस्‍बों से होकर गुजरने वाली यह यात्रा न सिर्फ जनता के बीच योगी सरकार की असलियत को बयान करेगी, बल्कि यह भी बताएगी कि वह खुद यूपी में सरकार बनाने के लिए कितनी फिट है। ये जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया कि उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर कांग्रेस और उससे जुड़े संगठन हर स्तर पर खुद को मजबूत बनाने में जुटे हैं।

आज प्रियंका ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री. गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती पर उनके चित्र पर मार्ल्यापण कर और परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ समीक्षा बैठकों की शुरुआत की।

यह निर्णय उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी की मौजूदगी में पार्टी की सलाहाकार और रणनीति कमेटी ने लिया। कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा से जुड़े चुनाव अभियानों और कार्यक्रमों पर गहन मंथन किया गया। यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और रूट निर्धारण को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत सलाहकार एवं रणनीति कमेटी के सदस्यों के साथ गांधी ने व्यापक विचार विमर्श किया।

यह भी पढ़ें- उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में केवल छोटे दलों से गठबंधन करेगी कांग्रेस, 2022 में बनाएंगे सरकार: अजय लल्लू

आज लंबी चली बैठक के बारे में प्रवक्‍ता ने बताया कि प्रियंका ने बैठक में ‘‘यूपी कांग्रेस चुनाव समन्वय समिति’’ के सदस्यों के साथ क्षेत्रवार चुनावी रणनीति को लेकर तमाम बिंदुओं पर चर्चा की। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों, चुनाव प्रबंधन, प्रचार अभियान जैसे कार्यक्रमों को लेकर सदस्यों से राय मांगी।

क्षेत्रवार समीक्षा के दौरान पूर्वांचल, बुन्देलखण्ड, मध्य उत्तर प्रदेश और आगरा क्षेत्र से संबंधित प्रभारियों, प्रदेश उपाध्यक्षों, प्रदेश महासचिवों, प्रदेश सचिवों, जिला और शहर अध्यक्षों से संगठन सृजन पर लिखित रिपोर्ट मांगी गयी।

इसके अलावा प्रियंका गांधी ने यूपी की 58 हजार ग्राम सभाओं में इस माह के अंत तक कांग्रेस के ग्राम सभा अध्यक्ष और उनकी कमेटियों के गठन के अनिवार्यता को लेकर सख्त निर्देश दिया है।

रावत ने बताया कि प्रियंका गांधी के कमान संभालने के बाद प्रदेश में 831 ब्लाक कमेटियों का गठन किया जा चुका है। इनके पदाधिकारियों की संख्या लगभग 20,775 है। इसके अलावा 8,134 न्याय पंचायत कमेटियां गठित की गयीं हैं, जिनके अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों की कुल संख्या एक लाख 70 हजार 814 है। इनके सत्यापन के साथ शहर कमेटियों के अर्न्तगत आने वाले 2614 वार्ड कमेटियों के गठन की प्रक्रिया भी जारी है। प्रियंका गांधी ने इन तमाम सांगठनिक प्रक्रियाओं की आज समीक्षा भी की।

बैठक में प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस के यूपी अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू, विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, बाजीराव खाड़े, सचिन नाईक, रोहित चौधरी, राजेश तिवारी, तौकरीर आलम, कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, बेगम नूर बानो, मोहसिना क़िदवई व राजाराम पाल समेत अन्‍य पदाधिकारी व नेता मौजूद रहें।