प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक पर बोले रॉबर्ट वाड्रा, पूरे देश में सुरक्षा के साथ हो रहा समझौता

रॉबर्ट वाड्रा

आरयू वेब टीम। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आवास पर सुरक्षा में चूक का मामला सामने आने के बाद पति रॉबर्ट वाड्रा ने नाराजगी जाहिर की है। वाड्रा ने कहा कि पूरे देश में सुरक्षा के साथ समझौता हो रहा है।

रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पोस्ट में कहा है, ‘यह प्रियंका, मेरी बेटी या बेटे, मेरे या गांधी परिवार की सुरक्षा के बारे में नहीं है। यह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से हमारे देश की महिलाओं को सुरक्षित रखने और सुरक्षित महसूस कराने को लेकर है। पूरे देश में सुरक्षा से समझौता किया जाता है।’

उन्होंने आगे लिखा, ‘लड़कियों के साथ छेड़छाड़/दुष्कर्म हो रहा है, हम किस प्रकार के समाज बनाते जा रहे हैं? हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। यदि हम अपने देश और घर में सुरक्षित नहीं हैं, सड़को पर सुरक्षित नहीं हैं, दिन या रात में सुरक्षित नहीं हैं तो हम कहां और किस तरह से सुरक्षित रह सकते हैं?’

यह भी पढ़ें- कानून सबके लिए होना चाहिए बराबर, रॉबर्ट वाड्रा की जांच करें लेकिन PM मोदी की भी: राहुल

बताते चलें कि लोधी स्टेट स्थित प्रियंका गांधी के निवास पर 26 नवंबर को आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने बिना पूर्व जानकारी के प्रवेश किया और सेल्फी लेने के लिए कहा था। 26 नवंबर की दोपहर कार समेत प्रियंका गांधी के आवास में अज्ञात लोगों के घुसने का मामला कल यानि दो दिसबंर को सामने आया था, जिसके बाद से कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं में खासा रोष है।

पूरा मामला जानने के लिए यहां क्लिक करें- SPG हटने के बाद सामने आई प्रियंका गांधी की सुरक्षा में बड़ी चूक, कार समेत घर में घुसे अज्ञात लोग