पूर्व मंत्री समेत BSP के पूर्व विधानसभा प्रत्‍याशियों और भाईचारा समिति के पदाधिकारियों ने थामा भाजपा का दामन

बसपा भाईचारा समिति
भाजपा के नए सदस्यों के साथ जेपी नड्डा व ब्रजेश पाठक।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। रविवार को एक ओर जहां बसपा सुप्रीमो मायावती देवबंद में महारैली कर भाजपा और मोदी सरकार पर हमला बोल रहीं थीं। वहीं दूसरी ओर आज दोपहर सत्‍ताधारी दल के नेताओं ने बसपा के पूर्व मंत्री समेत दर्जनों नेताओं और बड़ी संख्‍या में उनके समर्थकों को भाजपा में शामिल कर लिया।

बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित सदस्‍यता कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री व प्रदेश प्रभारी जगत प्रकाश नड्डा और योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक ने पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के पूर्व विधानसभा प्रत्‍याशी चंद्र कुमार मिश्रा ऊर्फ गुड्डू महाराज, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री संजय शर्मा (अलीगढ़), जनरलगंज कानपुर से बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सर्वेश शुक्ला “बमबम”, पूर्व बसपा विधानसभा प्रत्याशी गोण्डा करनैलगंज से विक्रम वीर शुक्ला, बसपा भाईचारा समिति के जोनल पदाधिकारी शोभित मिश्रा तथा रामसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहारनपुर के विभोर राणा को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इसके अलावा प्रदेश के 75 बसपा जिला भाईचारा समितियों के अध्यक्ष व अन्‍य पदाधिकारी भी आज भाजपा में शामिल हो गए।

नेता है न नीति

केन्द्रीय मंत्री व लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी जगत प्रकाश नड्डा ने बसपा भाईचारा कमेटियों के प्रतिनिधियों और उनके साथ आये कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल होने पर स्वागत करते हुए कहा कि आज अन्य दलों के पास न तो नेता है, न नीति है और अब उनके पास कार्यकर्ता भी नहीं रह गये है। अधिकांश राजनीतिक दल मात्र पारिवारिक संगठन बनकर रह गये है और उनके थोड़े बहुत बचे हुए कार्यकर्ता उन्हें ढोने का काम कर रहे है। भाजपा एक मात्र कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। जो कार्यकर्ताओं द्वारा ही संचालित होती है और कार्यकर्ताओं के द्वारा ही नेतृत्व प्रदान होता है।

भाजपा मेंही है कार्यकर्ता को बनाने और आगे बढ़ाने की ताकत

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा प्रजातांत्रिक तरीके से काम करने वाला संगठन है और यहां बैठा कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं है जो राजनीतिक परिवारों से आया हो, सभी कर्म के आधार पर आगे बढ़कर यहां तक पहुंचे है। छोटे से छोटे कार्यकर्ता को बनाने और आगे बढ़ाने की ताकत केवल भाजपा में ही है। यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि हम सभी ऐसी पार्टी के सदस्य है जिसके पास नेता भी है, नीति भी है, कार्यक्रम भी है, कार्यकर्ता भी है और भाजपा के पक्ष में वातावरण भी है।

दुनिया में रिसर्च का विषय बनेगा यह लोकसभा चुनाव

नड्डा ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता का आपार समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है, उससे यह लोकसभा चुनाव देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में रिसर्च का विषय बनेगा और भाजपा की बड़े बहुमत से सरकार बनेगी।

केंद्रीय मंत्री ने गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि यह सर्वविदित हो गया है कि यूपी में भाजपा की 73 नहीं बल्कि 74 सीटे जीतेंगी। विपक्ष जितनी चाहे मिलावट पर मिलावट कर डाले जो कुछ भी करना है सब एक साथ मिलकर कर ले फिर भी उनका कुछ भला होने वाला नहीं है।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हुए सपा के पूर्व सांसद, रालोद के पूर्व मंत्री, BSP के पूर्व विधायक स‍हित कई वरिष्‍ठ नेता

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सभी 75 जिलों के बसपा ब्राह्मण भाईचारा समितियों के पदाधिकारी, बन्धुओं, पूर्व प्रत्याशी, पूर्व राज्यमंत्री को भाजपा परिवार में शामिल होने पर बधाई। उन्होंने कहा कि हम सब यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं।

इस दौरान बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, प्रदेश प्रवक्‍ता डॉ. मनोज मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- बीजेपी IT विभाग की कार्यशाला में बोले सुनील बंसल, पार्टी के प्रचार-प्रसार के साथ विरोधियों को दें जवाब