आरयू वेब टीम। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रगति मैदान के भारत मंडपम में चल रहे एआइ इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन को एक जनसंपर्क (पीआर) तमाशा बताया है। साथ ही कांग्रेस नेता ने गलगोटिया विश्वविद्यालय द्वारा चीनी रोबोडॉग को अपना अविष्कार बताने वाली खबर साझा करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल ने कहा सम्मेलन में भारतीय प्रतिभा और डेटा का लाभ उठाने की बजाय यह सम्मेलन एक अव्यवस्थित पीआर तमाशा बन गया है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल ने एक्स पर पोस्टकर कहा कि ‘भारत की प्रतिभा और डेटा का लाभ उठाने के बजाय, एआइ शिखर सम्मेलन एक अव्यवस्थित पीआर तमाशा है। भारतीय डेटा बिक्री के लिए हैं, चीनी उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।’ मामले पर कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चीनी मीडिया ने हमारा मजाक उड़ाया, जो शर्मनाक है, लेकिन इससे ज्यादा शर्मनाक है कि मोदी के मंत्री अश्विनी वैष्णव भी झूठ में शामिल हैं।
वहीं कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश की छवि को अपूर्णीय क्षति पहुंचाई है, उन्होंने एआई को मजाक बनाकर रख दिया है। यह एक ऐसा सेक्टर है जिसमें हम अपनी डेटा पावर को देखते हुए विश्व के अगुवा बन सकते हैं।”
यह भी पढ़ें- संसद में प्रधानमंत्री के नहीं आने पर बोले राहुल, डरे हुए है नरेंद्र मोदी, नहीं कर सकते सच्चाई का सामना
मालूम हो कि एआइ शिखर सम्मेलन में गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने चीन में बने रोबोटिक डॉग को समिट में “ओरियन” नाम से प्रदर्शित किया गया था, जो असल में चीन की कंपनी यूनिट्री का Go2 मॉडल था। रोबोडॉग पर विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर के दावे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आलोचना शुरू हो गई। चीनी मीडिया ने भी एक्स पर वीडियो को साझा कर भारत का मजाक बनाया है। सरकार ने गलगोटिया विश्वविद्यालय पर कार्रवाई की है।




















