प्रियंका ने कहा, मुख्‍यमंत्री के बदला लेने वाले बयान पर काम कर रहा पुलिस-प्रशासन, भगवा को लेकर भी बोलीं ये बातें

कानून के विरोध
प्रेसवार्ता में अपनीं बात रखतीं प्रियंका गांधी साथ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ की गयी कार्रवाई को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को एक बार फिर योगी सरकार पर हमला बोला है। साथ ही आज राजधानी लखनऊ में अयोजित प्रेसवार्ता में प्रियंका ने यूपी पुलिस व प्रशासन पर भी संगीन आरोप लगाएं हैं।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रियंका ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस और जिला प्रशासन ने जमकर अराजकता फैलाई है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह तब हुआ जब मुख्यमंत्री ने ‘बदला’ लेने वाला बयान दिया। पुलिस और जिला प्रशासन इसी बयान पर काम कर रही है।

प्रियंका ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी मुख्यमंत्री ने ऐसा बयान दिया हो। कांग्रेस उन सभी लोगों का समर्थन करेगी और विरोध-प्रदर्शन के आरोप में जेल भेजे गए आरोपितों की लड़ाई लड़ेगी। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवा धारण किया है, यह भगवा उनका नहीं है, भगवा हिंदुस्तान की आध्यात्मिक संस्कृति और हिंदू धर्म का प्रतीक है। कृष्ण, राम और शिव के देश में हिंसा और बदले की जगह नहीं है? महाभारत में भी कृष्ण ने रण क्षेत्र में बदला लेने की बात नहीं की। बदले की भावना इस देश की परंपरा नहीं रही है। यह देश प्रेम, करुणा और अहिंसा की बात करता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह बात मुख्यमंत्री को समझनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में CAA के खिलाफ प्रदर्शन, बवाल, फायरिंग में युवक की मौत, फूंकीं गई पुलिस चौकी व दर्जनों वाहन, तोड़फोड़, पथराव, लाठीचार्ज

वहीं अधिकारियों के फैसले और नागरिकता संशोधन के विरोध प्रदर्शनों के दौरान की गयी कार्रवाई को कटघरे में खड़ा करते हुए प्रियंका ने कहा कि बिजनौर में दो लड़कों की हत्या की गई। दूध लेने गए बच्चे को पुलिस ने गोली मारी। सुलेमान नाम के लड़के को पुलिस उठाकर ले गई। उसका शव मिला है। पुलिस ने सुलेमान के परिजनों को धमकाया कि अगर आवाज उठाई को गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर देंगे।

यह भी पढ़ें- जेल में सदफ जाफर से मुलाकात कर प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा, पुलिस ने की रुह कंपा देने वाली बर्बरता

इसी तरह पूर्व आइपीएस अफसर एसआर दारापुरी को भी घर से उठाया गया। उन्होंने फेसबुक पर सिर्फ एक पोस्ट डाली थी और लोगों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने का आह्वान किया था। कांग्रेस नेता सदफ जाफर व कुछ अन्‍य लोगों के उदाहरण देते हुए प्रियंका ने आज उन्‍हें बेकसूर बताया। साथ ही कहा कि ये तो कुछ उदाहरण हैं मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने प्रदेश में अब तक 5500 लोगों को डिटेन किया है और करीब 1100 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बिना लिखा-पढ़ी के मामले इन सबसे कहीं ज्‍यादा है। यूपी पुलिस ने अनगिनत जगाहों पर तोड़फोड़ की,  मासूम बच्‍चों को पीटा इन सबके वीडियो मौजूद हैं।