राजनाथ सिंह ने कहा, सपा सरकार में गुंडा, माफिया व बदमाशों का था प्रभुत्‍व

राजनाथ सिंह
जनसभा को संबोधित करते राजनाथ सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/बलिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को बलिया जिले के बैरिया विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। जहां राजनाथ सिंह ने यूक्रेन व रूस में चल रहे युद्ध की चर्चा करते हुए कहा कि भारत शांति का पक्षधर है। इस दौरान रक्षा मंत्री समाजवादी पार्टी पर भी जमकर हमला बोला। राजनाथ सिंह ने कहा कि सपा का समाजवाद से कोई सरोकार नही है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सच्चे समाजवादी हैं।

रक्षा मंत्री ने सपा की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कट्टा नहीं चलेगा, सपा की पूर्ववर्ती सरकार में गुंडा,माफिया और बदमाशों का प्रभुत्‍व हुआ करता था। समाजवादी पार्टी की सरकार को घोटालों की सरकार करार देते हुए उन्‍होंने कहा कि सपा की पूर्ववर्ती सरकार में तरह-तरह के घोटाले होते थे, खनन घोटाले से लेकर एम्बुलेंस घोटाले और रिवर फ्रंट घोटाले हुए। भाजपा सरकार में कोई मंत्री और विधायक घोटाले करने की सोच तक नहीं रख सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता है।

साथ ही यूक्रेन व रूस में चल रहे युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि रक्षा के मामले में भारत आत्मनिर्भर बनेगा और आगामी दस साल में ऐसे हालात हो जाएंगे कि भारत युद्ध सामग्रियों का आयातक देश होने के बजाय निर्यातक देश हो जायेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि यूक्रेन मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है, भारत शांति का पुजारी है और भारत ने कभी भी किसी दूसरे देश पर आक्रमण नहीं किया और न ही किसी दूसरे देश की भूमि पर कब्जा किया है।

यह भी पढ़ें- जनसभा में मुख्‍यमंत्री का अखिलेश पर निशाना, “नाम समाजवादी, काम तमंचावादी, सोच परिवारवादी”

उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के बाद कमजोर भारत की छवि दुनिया भर में बदली है और भारत की ताकत बढ़ी है तथा दुनिया में अब सन्देश चला गया है कि भारत को अब कोई छेड़ेगा तो भारत उसे नहीं छोड़ेगा। वहीं ये भी कहा कि पहले लोग यहां कट्टे बनाते थे, लेकिन अब ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण उत्तर प्रदेश में होगा। उत्तर प्रदेश में कई जिले को डिफेंस कॉरिडोर घोषित कर दिया गया है।

भाजपा नेता ने आगे कहा कि यूपी विधानसभा के चुनाव में जनता एक नया इतिहास लिखने जा रही है और राजनीतिक विश्लेषक भी इस नतीजे पर पहुंच गए हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उत्तर प्रदेश में अब मोदी के विजन, योगी का मिशन और जनता के सहयोग के जरिये ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी का अखिलेश पर हमला, सपा ने किया कन्नौज को पूरी दुनिया में बदनाम