RPS के सामने भी LDA बनाएगा 364 प्रीमियम फ्लैट्स, करोड़पति वाले टैग से बचाने को लगाया जुगाड़, शनिवार से रजिस्‍ट्रेशन शुरू

पार्क व्यू अपार्टमेंट्स
एलडीए के अनुसार कुछ इस तरह नजर आएगा पार्क व्यू अपार्टमेंट्स।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। अपने कार्यालय से लेकर पार्कों तक के नाम पर तूफानी खर्च करने के साथ ही नीलामी व दूसरे माध्‍यमों से कमाई करने में भी रिकॉर्ड बनाने के मोड में चल रहा लखनऊ विकास प्राधिकरण गोमतीनगर विस्‍तार व ऐशबाग के साथ अब राष्‍ट्र प्रेरणा स्‍थल (RPS) के सामने भी प्रीमियम फ्लैट्स बनाने जा रहा। पार्क व्यू अपार्टमेंट्स नाम से बनने वाले इस रेजिडेंशियल अपार्टमेंट में 154 व 195 वर्गमीटर के कुल 364 प्रीमियम फ्लैट्स होंगे।

हालांकि यहां गोमतीनगर विस्‍तार में बनने वाले नर्मदा अपार्टमेंट (1.4 करोड़) व ऐशबाग स्‍क्‍वायर अपार्टमेंट (1.11करोड़) की तरह फ्लैट्स की कीमत एक करोड़ के पार नहीं जाए इसके लिए प्राधिकरण ने अपना काफी दिमाग खपाया है। समझा जा रहा यही वजह है कि पहली बार एक ही प्‍लॉट पर बनने वाले पार्क व्‍यू अपार्टमेंट्स के चार टावर में से तीन की फ्लोर संख्‍या अलग-अलग होगी। दो टावर जहां 16-16 फ्लोर का होगा, वहीं बगल में 17 व 20 फ्लोर का भी एक-एक टावर एलडीए खड़ा करेगा। इसके अलावा नर्मदा व ऐशाबाग के मुकाबले यहां फ्लैट के साइज में भी प्राधिकरण ने कटौती की है। इस अपार्टमेंट्स को बनाने में करीब ढाई सौ करोड़ प्राधिकरण खर्च करेगा।

यह भी पढ़ें- गोमती नगर विस्‍तार में सिर्फ करोड़पतियों के लिए 300 फ्लैट बनाएगा एलडीए, गरीब तो दूर मीडिल क्‍लास को भी नहीं मिलेगी नर्मदा अपार्टमेंट में इंट्री

75 लाख से लेकर करीब एक करोड़ रुपये तक वाले पार्क व्यू अपार्टमेंट्स के फ्लैट के लिए शनिवार सात मार्च से छह अप्रैल 2026 तक रजिस्‍ट्रेशन खोला जा रहा। इनका पंजीकरण सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही कराया जा सकेगा। इसके लिए फ्लैट के अनुमानित कीमत की पांच प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी। फ्लैट का आवंटन लॉटरी के जरिए एलडीए करेगा।

सकारात्मक परिणाम के बाद ही दी मंजूरी: प्रथमेश कुमार

शुक्रवार को इस बारे में एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने मीडिया से कहा है कि पार्क व्यू अपार्टमेंट्स की कनेक्टिविटी और लोकेशन काफी प्राइम होगी। यह पुराने लखनऊ की घनी आबादी के पास वाले क्षेत्र में बनेगा, जहां वर्तमान में आवासीय जरूरतें पूरी करने के लिए ऐसी जगह मिलना मुश्किल है। पार्क व्यू अपार्टमेंट, राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सम्मुख स्थित है, जहां से कुछ ही दूरी पर ग्रीन कॉरिडोर, आईआईएम रोड, दुबग्गा रोड और चौक जैसे महत्वपूर्ण एरिया जुड़े हैं। वीसी के अनुसार अपार्टमेंट बनाने के लिए प्राधिकरण ने ऑनलाइन डिमांड सर्वे कराया था। जिसमें सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद ही परियोजना के निर्माण को मंजूरी दी गयी है।

यह भी पढ़ें- निरीक्षण के दौरान CSI टावर की सातवीं मंजिल से एकाएक गिरी लिफ्ट, बाल-बाल बचे LDA VC व इंजीनियर, कंपनी पर FIR

एलडीए वीसी ने आज यह भी कहा कि करीब 13,350 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले पार्क व्यू अपार्टमेंट्स में चार टावर होंगे, जिसमें टावर ए और बी में 16-16 फ्लोर, टावर सी में 20 फ्लोर तथा टावर डी 17 फ्लोर बनेंगे। अपार्टमेंट में थ्री बीएचके थ्री बीएचके + सर्वेंट कैटेगरी के कुल 364 फ्लैट होंगे। यह फ्लैट लगभग 154 व 195 वर्गमीटर का होगा, जिसमें थ्री बीएचके की कीमत लगभग 75 लाख रूपये और थ्री बीएचके + सर्वेंट श्रेणी की कीमत लगभग 95 लाख रूपये से शुरू होगी।

सोसाइटी में स्वीमिंग पूल व 455 वाहनों की पार्किंग

विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप, 455 से अधिक वाहनों की पार्किंग आदि की सुविधा होगी। इसके अलावा, अपार्टमेंट्स से ही राष्ट्र प्रेरणा स्थल सामने ही दिखाई देगा। साथ ही लोगों की व्यावसायिक जरूरतें पूरी करने के लिए कैम्पस में ही कॉमर्शियल दुकानें भी बनेंगी।

यह भी पढ़ें- अब इन पार्कों व हरियाली के नाम पर अवस्‍थापना के सौ करोड़ खर्च करेगा LDA

2031 में मिलेगा कब्‍जा

एलडीए की मानें तो पार्क व्यू अपर्टमेंट्स का निर्माण तीन साल में पूरा करने का टारगेट रखा गया है और पांच साल के अंदर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा प्रदान कर दिया जाएगा। फ्लैट के लिए पंजीकरण कराने वाले आवेदकों को आवंटन के बाद 36 महीने की किश्तों में पूरा पैसा जमा करना होगा। वहीं 45 से 90 दिनों में पूर्ण धनराशि जमा करने पर छह से चार प्रतिशत की छूट मिलेगी।

यह भी पढ़ें- एलडीए की बहुचर्चित ‘हरियाली’ पर कमिश्‍नर की नजर, तलब किया पार्कों की आमदनी-खर्चों की डिटेल, सुधर सकते हैं हालात