सपा मुख्‍यालय पर मुलायम सिंह ने किया ध्‍वजारोहण, “अखिलेश बोले, भाजपा सरकार में पिछड़ों-दलित के साथ हुआ सबसे ज्‍यादा अन्‍याय”

सबसे ज्‍यादा अन्‍याय
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अखिलेश साथ में मुलायम सिंह यादव व अ‍न्य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। स्‍वतंत्रा दिवस के मौके पर रविवार को सपा संस्‍थापक मुलायम सिंह यादव सपा मुख्‍यालय पहुंचे। जहां उन्‍होंने ध्वजारोहण करते हुए सपा नेता व कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। इस मौके पर अपने संक्षप्ति संबोधन में मुलायम सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मिल रही चुनौतियों से मिलकर निपटना होगा। हमें देश को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

वहीं सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि  साल 2022 देश का सम्मान बचाने का चुनाव है। यह जिम्मेदारी एक-एक नौजवान को उठानी चाहिए। बीजेपी की राज्‍य व केंद्र की सरकार को निशाने पर लेते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि सत्‍ता में बैठे लोगों ने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। सबसे अधिक उत्पीड़न एवं अन्याय पिछड़ों व दलितों के साथ हुआ है। उनका संवैधानिक अधिकार आज तक नहीं मिला। 1931 के बाद देश में जातीय जनगणना ही नहीं हुयी, जबकि भाजपा जातियों में झगड़ा लगाती है। आबादी के अनुसार सबको हक और सम्मान मिलना चाहिए। सामाजिक न्याय की अवधारणा को साकार करने के लिए जब आबादी के हिसाब से आंकड़े आयेंगे तभी आनुपातिक अवसर की सुविधा सबको मिल सकेगी।

देश की पहचान समाप्त करने की है भाजपा की मंशा

भाजपा पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि भारत में विभिन्न जाति, धर्म वेशभूषा के लोग एक साथ मिलकर रहते हैं। यही हमारे देश की पहचान है, लेकिन सत्ताधारी लोग गंगा-जमुनी तहजीब खत्म करना चाहते है। भाजपा की मंशा देश की पहचान को समाप्त करने की है। हम समाजवादियों की कोशिश होनी चाहिए कि समाज में एक दूसरे से प्यार और सहयोग बढ़े। सामाजिक सौहार्द बढ़ाने की दिशा में मिलकर काम करना चाहिए।

किसानों के खुशहाल हुए बिना नही हो सकता देश समृद्ध 

अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के सामने संकट पैदा किया है। अन्नदाता को अपमानित कर भाजपा अन्न महोत्सव का ढ़ोग रच रही है। किसानों के खुशहाल हुए बिना देश समृद्ध नही हो सकता। किसान ही देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

इसके अलावा बीजेपी सरकार की लापरवाही से कोविड में लाखों लोगों की जान चली गयी। आम जनता को दवाई, बेड एवं आक्सीजन उपलब्ध कराने में बीजेपी सरकार पूरी तरह विफल रही है।

यह भी पढ़ें- पूर्व IPS अफसर अमिताभ ठाकुर ने CM योगी के खिलाफ फूंका सीधा बिगुल, बोले, इनके खिलाफ लड़ूगा विधानसभा चुनाव, चाहे जहां से लड़े

वहीं आज रोजगार के मुद्दे पर समारोह को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि देश की अधिकांश आबादी युवा है। नौजवानों के रोजगार एवं पढ़ाई की व्यवस्था नहीं होगी तो उनका भविष्य क्या होगा? देश की सीमाओं के मुद्दे पर जो मजबूती दिखानी चाहिए वह भाजपा सरकार ने कभी नहीं दिखाई।

इस अवसर पर बड़ी संख्‍या में कार्यकर्ताओं के अलावा सपा के कई वरिष्‍ठ नेता मौजूद रहें। वरिष्‍ठ नेताओं में उदय प्रताप सिंह, किरणमय नंदा, अहमद हसन, राजेंद्र चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, डॉ. साजी पॉथेन, रविदास मेहरोत्रा, आरके चौधरी,  लीलावती कुशवाहा, उदयवीर सिंह, सुनील साजन, सिद्धार्थ सिंह, संजय लाठर, प्रदीप यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहें।