जनेश्वर मिश्र जयंती पर JM पार्क पहुंचे अखिलेश यादव, की श्रद्धांजलि अर्पित

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी विचारक और पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती के मौके पर बुधवार  सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही कार्यकर्ताओं को संबोधित कर पूर्व सीएम ने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। आज भी उनके विचार पार्टी की ताकत हैं।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव सपा मुख्यालय कार्यालय पहुंचे। जहां आयोजित ‘प्रबुद्धजन सम्मेलन’ में शामिल हुए। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज से जुड़े पार्टी नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सपा मुखिया ने कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क में बड़े कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन इससे 2027 में बदलाव की आवाज को रोका नहीं जा सकता।

अखिलेश ने कहा कि लोहिया पार्क भले छोटा हो, लेकिन विचारों के लिहाज से वह देश का सबसे बड़ा पार्क है। इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति से घबराने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अब पीडीए की नई-नई परिभाषाएं गढ़ रही है।

साथ ही कहा कि 2027 के चुनाव में सभी वर्गों को एकजुट होकर भाजपा को जवाब देना होगा। अखिलेश यादव ने कहा, “जबसे पीडीए से हारे हैं यह सब कर रहे हैं। जो लोग समय-समय पर पीडीए की परिभाषा बदलते हैं, वो जान लें, पीडीए में पी पंडित है। पीडी पंडित का शॉर्ट फॉर्म है। पंडित को जितना सताओगे, पंडित और मजबूत होगा।”

यह भी पढ़ें- अखिलेश का तंज, ‘भाजपा के सत्‍ता से हटने पर ही दूर होंगे यूपी के सारे संकट

वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने भाजपा सरकार पर ब्राह्मणों के फर्जी एनकाउंटर कराने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसी भी तरह का एनकाउंटर नहीं होगा। जबकि मौजूदा सरकार के दौरान हुए सभी कथित फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी।

जांच में यदि किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है, चाहे वह डीजीपी जैसे उच्च पद पर ही क्यों न हो, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर जेल भेजने का काम किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी ध्वस्तीकरण आदेश पर बोले अखिलेश, शिक्षा में भी भाजपा को नजर आती है सांप्रदायिकता