आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी पर शिक्षा को ‘सांप्रदायिक’ नजरिये से देखने का आरोप लगाया। साथ ही अखिलेश ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय परिसर में कई इमारतों को ध्वस्त करने के प्रशासन के फैसले पर सवाल उठाते हुए उसे निंदनीय करार दिया।
अखिलेश यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जौहर यूनिवर्सिटी का एक वीडियो साझा किया। सपा मुखिया ने कहा कि “भाजपा को शिक्षा में भी सांप्रदायिकता नजर आती है। शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा के बाद मिलने वाली नौकरी भी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं”।
वहीं सवाल उठाते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि “भाजपा अपने अनरजिस्टर्ड संगी-साथियों के अवैधानिक भवनों को कब गिराएगी? जब संगी-साथी ही अपंजीकृत हैं, तो उनके भवन, कार्यालय और संस्थान कैसे जायज होंगे? निंदनीय!”
गौरतलब है कि ये विवाद तब गहराया जब रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने यूनिवर्सिटी परिसर की 38 इमारतों को ढहाने का आदेश जारी कर दिया। प्राधिकरण का कहना है कि इन इमारतों का निर्माण बिना नक्शा पास कराए यानी अवैध तरीके से किया गया था।
रामपुर जिला प्रशासन ने जौहर यूनिवर्सिटी के प्रशासन ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन की सभी आपत्तियों और दलीलों को खारिज करते हुए भवनों को स्वयं ध्वस्त करने का अल्टीमेटम दिया है। प्रशासन का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर जिला प्रशासन स्वयं विधिक कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण करेगा इस संबंध में रामपुर के जिलाधिकारी विनय कुमार द्विवेदी ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए बताया कि वर्ष 2024 से पहले जौहर यूनिवर्सिटी का परिसर ग्राम पंचायत क्षेत्र में आता था, उस दौरान केवल दो भवनों के नक्शे ग्राम पंचायत से स्वीकृत कराए गए थे, जबकि शेष 38 भवनों के लिए कोई स्वीकृत नक्शा उपलब्ध नहीं है।
यह भी पढ़ें- आजम खान की बढ़ीं मुश्किल, जौहर ट्रस्ट को आयकर विभाग ने भेजा नोटिस
इस तर्क समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी आसिम राजा ने एक प्रेसवार्ता कर प्रशासन का दावा खारिज करते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी के पास सभी 40 भवनों के आवश्यक दस्तावेज और स्वीकृतियां मौजूद हैं। यदि स्थानीय अधिकारी उन्हें स्वीकार नहीं करते, तो वे उच्च प्राधिकरण और न्यायालय का रुख करेंगे।




















