सहारनपुर जिला प्रशासन का बड़ा फैसला, रविवार को रहेगा पूर्ण लॉकडाउन

डीएम अखिलेश सिंह
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, सहारनपुर। कोरोना वायरस संक्रमण और बढ़ते मरीजों की देखते हुए सहारनपुर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रत्येक रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा, केवल मेडिकल इमरजेंसी, दूध की दुकानों को खोलने की इजाजत होगी। दरअसल, यह फैसला जिला प्रशासन ने बढ़ रहे कोरोना केस को देखते हुए लिया है।

डीएम अखिलेश सिंह का कहना है कि जनपद में पूर्ण लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। सहारनपुर के जिलाधिकारी ने मीडिया को बताया कि सहारनपुर जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा पिछले कुछ दिनों में अचानक बढ़ा है। दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ की ओर से आवाजाही से दिक्कतें बढ़ी हैं।

उन्होंने बताया कि रविवार को जनपद में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। किसी को आवाजाही की इजाजत नहीं होगी, जिन्हें बहुत जरूरी होगा उनके लिए पास की व्यवस्था होगी। डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि बॉर्डर से अखबार के लाने ले जाने पर हालांकि कोई प्रतिबंध नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगले आदेश तक ये व्यवस्था लागू रहेंगी।

यह भी पढ़ें- कोरोना का फैलाव रोकने के लिए अब पंजाब में वी‍केंड लॉकडाउन शुरू, नई गाइडलाइन जारी

उन्होंने यह भी बताया कि रविवार के दिन पूर्ण लॉकडाउन के दौरान केवल दूध, इमरजेंसी सेवा, इमरजेंसी अस्पताल की जो सेवाएं दे रहे हैं केवल उन्हें खोलने की इजाजत होगी। किराना, सब्जी, फल-फ्रूट सहित सभी दुकानें रविवार को पूरी तरह से बंद रहेंगी।

बता दें कि सहारनपुर में शनिवार को चार प्रवासियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, सहारनपुर में इस समय कुल कोरोना संक्रमित एक्टिव केस 80 हैं। अब तक कुल 337 केस पाए गए हैं, जिनमें से 257 मरीज ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। सहारनपुर में इस समय कुल हॉटस्पॉट की संख्या 12 है।

यह भी पढ़ें- अधिकारियों को CM योगी का निर्देश, जून के अंत तक कोविड अस्पतालों में बेड की संख्या कि जाए डेढ़ लाख, रेंडम टेस्टिंग भी कराएं