आरयू ब्यूरो, लखनऊ। वर्तमान में देश बहुत खराब दौर से गुजर रहा, उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है भाजपा से लड़ने की हिम्मत सिर्फ कांग्रेस में है। यह बातें शुक्रवार को समाजवादी युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय मीरा पांडेय ने अपने साथ शाहजंहापुर से लखनऊ आये सैकड़ों समर्थकों कांग्रेस में शामिल होने के बाद कही।
अजय मीरा ने आज यह भी दावा किया कि कांग्रेस की विचारधारा व सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी का नेतृत्व ही देश को एक सूत्र में बांधे रखते हुए विकास के पथ पर बढ़ सकता है।
ऐतिहासिक आंदोलन की उपज है कांग्रेस: लल्लू
वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पूर्व सपा नेता को सदस्यता ग्रहण कराते हुए कहा कि कांग्रेस ऐतिहासिक आंदोलन की उपज है उसके द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देकर विकास के द्वारा सशक्तीकरण किया है। अपने नए साथियों का स्वागत करते हुए लल्लू ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए कांग्रेस को मजबूत करना समय की मांग है।
यह भी पढ़ें- रायबरेली दौरे पर पहुंचीं प्रियंका ने चुरुवा मंदिर में किया दर्शन, कांग्रेस महासचिव से बोले पुजारी, उत्तर प्रदेश को है आपकी जरूरत
आज कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों मे अकरम खान, मिंटू शर्मा, अंकित अग्रवाल, जितेश वाघवानी, संजय सक्सेना व अंजुल मिश्र समेत अन्य लोग थे। इस मौके पर शाहजहांपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन कुमार सिंह भी कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में मौजूद थे।