औरंगजेब विवाद पर बोले संजय राउत, “दंगे, मस्जिदों पर हमला कराना, हिंदू युवाओं को भड़काना, बजरंग दल-VHP व RSS का काम”

संजय राउत
संजय राउत। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र राज्यसभा के सदस्य संजय राउत ने कहा कि कि देश 1947 से पहले जैसी स्थिति में पहुंच रहा है, धार्मिक उग्रवादियों के प्रभाव बढ़ रहे हैं। औरगंजेब विवाद पर सांसद ने कहा कि बजरंग दल, विश्‍व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दंगे, मस्जिदों पर हमले और हिंदू युवाओं को भड़काने का काम करती है।

साथ ही औरंगजेब विवाद पर विनोद बंसल के बयान पर पलटवार करते हुए संजय ने कहा कि देश विभाजन की ओर बढ़ रहा है। मुझे आज की परिस्थितियां 1947 से पहले की स्थिति जैसी लग रही। जब पाकिस्तान बनाया जा रहा था, तब भी कुछ लोगों ने ऐसी ही स्थिति पैदा की थी।

साथ ही संजय राउत ने कहा कि पंडित नेहरू ने कहा था कि भारत को हिंदू पाकिस्तान नहीं बनने देंगे। देश धर्मांध लोगों के हाथों में नहीं जाना चाहिए, चाहे वे हिंदू हों या मुसलमान, लेकिन आज दुर्भाग्य से यह देश उन्हीं ताकतों के हाथों में चला गया है। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि बजरंग दल, विश्‍व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अपने कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण खत्म हो गया है। इन संगठनों का एक ही काम रह गया है। दंगे करवाना, मस्जिदों पर हमले करना और हिंदू युवाओं को भड़काना।

यह भी पढ़ें- भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रधानमंत्री के बयान पर संजय राउत का पलटवार, ‘अपने 56 इंच के सीने से पूछिए आस-पास कितने भ्रष्ट

गौरतलब है कि हिंदू परिषद (वीएचपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि आने वाले सोमवार को शिवाजी जयंती पर औरंगजेब की कब्र का अंत होगा। 17 मार्च को छत्रपति शिवाजी महाराज की पावन जयंती है। उन्होंने हिंदवी स्वराज्य व उसकी रक्षा हेतु अपनी तीन पीढ़ियां लगा दीं और आतंकी मुगलों को नाकों चने चबा दिए। वक्त आ गया है कि देश के स्व की पुन: स्थापना और पराधीनता के चिन्हों और पराधीन मानसिकता का पराभव अब होना ही चाहिए।

औरंगजेब के बाद अब उसकी कब्र की समाप्ति का समय भी आ रहा है। विहिप व बजरंगदल के कार्यकर्ता उस दिन संपूर्ण महाराष्ट्र में औरंगजेब की प्रतिमा को हटाने हेतु प्रदर्शन कर स्थानीय जिलाधीश के माध्यम से सरकार को ज्ञापन देकर कहेंगे कि शिवाजी महाराज की पावन धरा से औरंगजेब की कब्र और औरंगजेबी मानसिकता का समूल नाश करें।

महाराष्ट्र के संभाजी नगर में औरंगजेब की कब्र है और उसने महाराज संभाजी को बहुत यातनाएं देकर मारा था, इसीलिए ऐसे शख्स की कब्र नहीं होनी चाहिए। इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में शोर मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें- संजय राउत का दावा ‘शक्ति’ टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ झूठा प्रचार कर रही भाजपा