सपा के MLC का BJP में स्‍वागत कर योगी ने साधा सपा-बसपा पर निशाना, कहा कभी नहीं मिल सकता तेल-पानी

चौधरी वीरेंद्र सिंह
भाजपा में शामिल नए सदस्यों के साथ योगी, महेंद्र पांडेय व दिनेश।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव के मतदान की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है वैसे-वैसे नेताओं के दल बदलने का दौर भी तेज होता दिखाई दे रहा है। शनिवार को इसी क्रम में भाजपा ने सपा को तगड़ा झटका दिया है। बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर आज सपा से छह बार विधायक, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री रहे व वर्तमान में विधान परिषद सदस्य चौधरी वीरेंद्र सिंह ने भाजपा की सदस्‍यता ले ली।

वीरेंद्र के अलावा शामली से सपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान व शामली, कांधला से ब्लाक प्रमुख हरविंदर चौहान भी आज भाजपा में शामिल हो गए।

सदस्‍यता कार्यक्रम में शामिल होने बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पहुंचे सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने चौधरी वीरेंद्र सिंह गुर्जर, मनीष चौहान और हरविंदर चौहान के भाजपा ज्वाइन करने पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गुर्जर समाज में सबसे प्रतिष्ठित परिवारों में से सपा विधान परिषद के सदस्य एवं कद्दावर नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह गुर्जर मनीष चौहान व हरविंदर चौहान का भाजपा में शामिल होने पर हृदय से स्वागत करता हूं।

यह भी पढ़ें- मथुरा में बोले योगी, कांग्रेस है तबाही इसे मत आने दीजिए, जीरो पर सिमटेगी सपा-बसपा

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सीएम ने सपा-बसपा पर भी जमकर निशाना साधा। योगी ने सपा-बसपा के गठबंधन को बेमेल बताते हुए कहा कि ‘बेर’ और ‘केर’ का कभी साथ नहीं हो सकता और न हीं तेल और पानी कभी मिल सकते हैं। सपा और बसपा को प्रदेश की जनता अच्छी तरह से जानती है। इस महामिलावटी भ्रष्ट गठबंधन को जनता सबक सिखाएगी।

कमजोर नहीं है भाजपा

बीजेपी की बात करते हुए इस दौरान योगी ने कहा कि भाजपा कमजोर नहीं है। साल 2014 के चुनाव में भाजपा ने 73 सीट जीती। साल 2017 में भाजपा ने अपने सहयोगियों के साथ 325 सीटों पर विजय हासिल की। स्थानीय निकाय चुनाव में 16 से 14 नगर निगमों पर भाजपा जीती। इस लोकसभा चुनाव में भी भाजपा प्रदेश में 74 से ज्‍यादा सीटों को जीतकर अपने लक्ष्‍य को हासिल करेगी।

मजबूत देश के रूप में भारत को स्थापित करने में सक्षम है मोदी: महेंद्र

इस मौके पर मौजूद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने सपा नेताओं को भाजपा में शामिल करते हुए कहा कि देश की दिशा स्पष्ट है। हिन्दुस्तान को विकसित करना है, नया भारत बनाना है, मजबूत भारत बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को मजबूत देश के रूप में दुनिया में स्थापित करने में सक्षम है।

विरोधियों पर हमला बोलते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष बोले कि आज भाजपा के सामने जो विपक्ष है वह बिना नीति सिद्धांत, बिना आचार-विचार के साथ काम कर रहा है। जो इस देश को मजबूरी और कुण्ठा में ढकेलना चाहता है।

यह भी पढ़ें- बसपा के पूर्व सांसद व सपा के पूर्व मंत्री हुए भाजपा में शामिल

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, गोविंद नारायण शुक्ला, प्रदेश प्रवक्‍ता संजय राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित भी मौजूद थे।