अयोध्या में बोलीं प्रियंक गांधी, जनता के सवालों का सामना करने की मोदी सरकार में नहीं है हिम्मत

अयोध्या
अयोध्या में जनसभा को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू संवाददाता, 

अयोध्‍या। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को अयोध्या पहुंची। जहां उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर देश के संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की ‘सबसे कमजोर’ मोदी सरकार में जनता के बुनियादी सवालों का सामना करने की हिम्मत नहीं है।

अयोध्या में कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल खत्री के समर्थन में आयोजित जनसभा में भाजपा पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ‘भाजपा सरकार ने संविधान, लोकतंत्र और संस्थाओं को नष्ट करने की पूरी योजना बना ली है। संविधान और लोकतंत्र जनता को मजबूत बनाते हैं। ये लोग काम करने के बजाए सिर्फ बातें करते हैं, इसलिए आपको मजबूत नहीं होने देना चाहते। देश में इससे दुर्बल सरकार और कोई नहीं रही है। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार पर तंज करते हुए कहा ‘जनता की आवाज सुनना सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति है। सरकार आपकी बात नहीं सुन रही है, यह शक्ति नहीं दुर्बलता है। इस सरकार में वह हिम्मत नहीं है कि आपकी बात सुने।

यह भी पढ़ें- यूपी में फिर चला प्रियंका गांधी का मैजिक, सपा के पूर्व सांसद सहित, बसपा-सपा के आधा दर्जन पूर्व विधायक हुए कांग्रेस में शामिल

प्रियंका ने पूछा ‘यह राजनीति जो आपको दुर्बल बनाती है, आपको नकारती है, जो आपको सत्ता नहीं देना चाहती, उसका क्या करना चाहिये? लोकतंत्र और संविधान आपको मजबूत करने के लिये बनाया गया है। सबसे बड़ा हथियार आपका वोट है। आप ऐसी राजनीति को बढ़ावा देंगे, जो सिर्फ झूठ बोलेगी, तो आप अपना नुकसान करेंगे। समय आ गया है अपनी शक्ति को पहचानने का। आप मन बनाइये कि उसे वोट देंगे, जो आपका काम करेगा। एक ऐसी सरकार लाएंगे, जिसमें आपकी सुनवाई हो, आपकी आवाज दबाई ना जाए। यह देश और संविधान को बचाने का चुनाव है, इसलिये सोच समझकर वोट दीजिए।’

पांच साल में मोदी अपने ही संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में नहीं गए

प्रियंका गांधी ने कहा कि काशी की जनता इस बात की गवाह है कि पीएम ने अपने करीब पांच साल के कार्यकाल में अपने ही संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में नहीं गए। उन्होंने पूरी दुनिया का दौरा किया और सभी को गले लगाया, लेकिन अपने स्वयं के लोगों को गले नहीं लगाया। इतना ही नहीं ग्रामीण इलाकों में हर परिवार को 100 दिन के रोजगार की गारंटी देने वाली मनरेगा योजना को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए प्रियंका ने कहा कि मनरेगा के तहत मेहनताने का भुगतान छह छह महीने तक नहीं किया जा रहा है। मनरेगा का पैसा ठेकेदारों को दिया जा रहा है और वे ठेकेदार क्षेत्र के ग्रामीणों के बजाय मजदूरों से काम करा रहे हैं।

कहां से आ गये थे 317 हजार करोड़ रुपये

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा न्याय योजना शुरू करने के वादे को लेकर भाजपा के तंज पर पलटवार करते हुए प्रियंका ने कहा, ‘जब यह घोषणा हुई तो भाजपा सरकार ने कहा कि यह सब चुनावी जुमले हैं और देश के पास इस योजना के लिये जरूरी धन ही नहीं है, लेकिन जब उद्योगपतियों का कर्ज माफ होना था तब इसी सरकार के पास 317 हजार करोड़ रुपये कहां से आ गये थे। अब जनता को ही सोचना होगा कि उसने किस पर भरोसा किया था और क्या ऐसे लोगों पर दोबारा विश्‍वास करना चाहिए? ’

जनता के मुद्दों से मुंह मोड़ रही है भाजपा

उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों से मुंह मोड़ रही है, मगर इस देश में सत्य को कोई दबा या छुपा नहीं सकता। देश का हर वर्ग परेशान है। महिलाओं की कोई सुनने वाला नहीं है। यह सच सब जगह है, इसे कोई छुपा नहीं सकता। भाजपा के झूठे प्रचार से यह सच नहीं छुपेगा, क्योंकि खुद जनता इसे जी रही है।

बता दें कि प्रियंका गांधी अपनी मां और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के बाद आज अयोध्‍या पहुंचीं।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस को कमतर आंकने वालों को प्रियंका गांधी ने दिया संदेश, जी जान से लड़ेंगे हम 2019 की लड़ाई