सपा में शामिल हुए हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष सुनील सिंह, मुलायम ने कहा, ये युवाओं की पार्टी नहीं होगी कभी बूढ़ी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष सुनील सिंह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। सुनील सिंह के साथ ही बहुजन समाज पार्टी के निष्काषित सीएल वर्मा ने भी शनिवार को सपा मुख्यालय में अखिलेश यादव व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सुनील सिंह ने अपनी पार्टी हिंदू युवा वाहिनी भारत पार्टी का समाजवादी पार्टी में विलय करने की भी घोषणा की।

इस दौरान सपा संरक्षक ने कहा कि समाजवादी पार्टी नौजवानों की पार्टी है। आज जो लोग मंच पर बैठे हैं, उनमें कोई दो, कोई पांच, कोई आठ और कोई दस साल और जियेगा। इसके बाद समाजवादी पार्टी पूरी तरह नौजवानों की पार्टी होगी। पार्टी कभी बूढ़ी नहीं होगी। मुलायम सिंह ने आगे कहा कि सात क्रांतियां हैं। उस सात क्रांतियों को पढ़ने के बाद समाजवादी क्रांति बनती है। समाजवादी पार्टी कभी बूढ़ी नही होगी।

यह भी पढ़ें- कानपुर: CAA हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों से मिले अखिलेश, बोले भाजपा सरकार के इशारे पर किया गया हमला

उन्होंने आगे कहा सपा नौजवानों की पार्टी है। पूरी दुनिया मे परिवर्तन की लहर है। सपा शुरू से परिवर्तन की राजनीति करती रही है। नौजवान ही वोट देते हैं, माहौल बनाते हैं, नौजवानों की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। देश को शक्तिशाली बनाने वाले तीन लोग हैं, किसान, नौजवान औऱ व्यापारी। आज नौजवानों की भीड़ बहुत आई है। नौजवान ही सपा का भविष्य हैं। नौजवानों को देख कर खुशी हुई है। ठंड में इतने लोगों का आना आसान न था। ठंड में लोग आए, बड़ी बात है।

मुलायम सिंह ने कहा कि किसी मे भेद नहीं करना चाहिए। चाहे वो औरत-मर्द हों या गोरे-काले। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा को पढ़िए। लोहिया ट्रस्ट में सभी के भाषण हैं, उसको पढ़िए, आपको जनता के बीच में बोलना होता है।

इस दौरान हिन्दू युवा वाहिनी के अध्यक्ष सुनील सिंह ने सपा में शामिल होने के बाद कहा कि ये वही नौजवान है जिन्होंने धोखे में पड़ कर भाजपा की सरकार बनाई थी। प्रदेश सरकार ने नौजवान, किसान, व्यापारी के सपनों का कत्ल किया है।  2022 में अखिलेश मुख्यमंत्री बनेंगे। आज से हमारा मिशन साईकिल और अध्यक्ष अखिलेश यादव होंगे।

यह भी पढ़ें- CAA के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन में जान गवांने वाले वकील के परिजनों से मिलकर अखिलेश ने की नौकरी व जांच की मांग