आरयू ब्यूरो, वाराणसी। ठंड और शीतलहर ने लोगों की दिनचर्या बाधित कर रखी है। अत्यधिक ठंड, घने कोहरे एवं शीतलहर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा आठ तक के स्कूल को बंद करने का आदेश दिया है। डीएम के आदेश पर वाराणसी में कक्षा प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के सभी विद्यालय 29 और 30 दिसंबर यानी मंगलवार तक बंद रहेंगे।
ये आदेश राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त तथा सीबीएसई, आइसीएसई सहित सभी बोर्डों पर लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि स्कूलों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा, जबकि विभागीय एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए शिक्षक एवं कर्मचारी पूर्व की भांति विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। साथ ही आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रबंधन से अपेक्षा की है कि वे इस आदेश का पालन करें और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही, शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे विद्यालय में उपस्थित रहकर आवश्यक कार्यों को संपन्न करें, ताकि शैक्षणिक गतिविधियों में कोई बाधा न आए। इस संबंध में सभी विद्यालयों को सूचित कर दिया गया है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आदेश का पालन सख्ती से किया जाए। ठंड के मौसम में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में शीतलहर-कोहरे के चलते बदली स्कूलों की टाइमिंग, DM ने जारी किया आदेश
साथ ही सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को ठंड से बचाने के लिए उचित कदम उठाएं और उन्हें गर्म कपड़े पहनाएं। इस प्रकार स्कूल के बंद रहने से बच्चों की सेहत को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है।




















