सिक्किम में भारतीय-चीनी सैनिकों के बीच झड़प, दोनों के सैनिक हुए घायल

सिक्किम
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू वेब टीम। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प की खबर सामने आई है। ये झड़प नॉर्थ सिक्किम के नाकु ला सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई। सेना के सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों के सैनिकों का इस दौरान काफी आक्रामक रवैया देखने को मिला। हालांकि, बाद में बातचीत के बाद मामले को सुलझा लिया गया।

वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना मुगुथांग के आगे नाकु ला सेक्टर में हुई। यह इलाका पांच हजार मीटर की ऊंचाई पर है। एक अफसर ने बताया कि चार भारतीय और सात चीनी सैनिकों को चोट लगी। इस झड़प में दोनों देशों के करीब 150 सैनिक शामिल थे। उधर, आर्मी का कहना है, ‘‘सीमा विवाद को लेकर भारतीय और चीन के सैनिकों के बीच अस्थाई और छिटपुट झड़पें अभी भी होती रहती हैं। हालांकि, इस बार झड़प काफी लंबे समय बाद हुई है। दोनों सेनाएं इस मुद्दे को प्रोटोकॉल के तहत सुलझा लेती हैं।’’

यह भी पढ़ें- फिर सामने आयी चीन की गुंडई, उत्तराखण्ड में चार किलोमीटर अंदर तक घुसे चीनी सैनिक

मालूम हो कि बीते साल भी भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प की खबर सामने आई थी। लद्दाख में पेंगोंग झील के पास भारतीय और चीनी सैनिकों में पेट्रोलिंग को लेकर टकराव हुआ था। दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई थी जिसके चलते ‘फेसऑफ’ की स्थिति बन गई। बाद में दोनों देशों के ब्रिगेडियर स्तर की बातचीत के बाद मामला सुलझा।

मालूम हो कि साल 2017 में इसी जगह के आसपास भारतीय और चीनी सैनिकों में जमकर मारपीट हुई थी। पेट्रोलिंग के दौरान भारतीय जवानों का सामना चीन के पीपल्स लिब्रेशन आर्मी के सैनिकों से हुआ। इसी दौरान दोनों देशों के सैनिकों के बीच बहस के बाद धक्का मुक्की शुरू हो गई थी।

यह भी पढ़ें- गुंडागर्दी: भारत में घुसे चीनी सैनिकों ने दो बंकर किए तबाह, मानसरोवर जा रहे जत्‍थे को भी रोका